समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिलें के विद्यापतिनगर थाने के सिमरी गांव में रविवार रात घर के दरवाजे पर सो रहे एक किसान को बदमाशों ने गोली मार कर जख्मी कर दिया। जख्मी की पहचान सुरेश महतो 66 वर्ष के रूप में की गई है। हल्ला होने पर जुटे परिवार के लोगों ने किसान को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। किसान के दाहिने जांघ में गोली लगी है। घटना रात करीब ढाई बजे की है। बदमाशों की संख्या तीन चार की थी। घटना के संबंध में जख्मी किसान के पुत्र लक्ष्मी कुमार ने बताया कि रात करीब ढाई बजे उनके पिता घर के दरवाजे पर रोजाना की तरह सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। जब वह घर से बाहर आए तो देखा कि उनके पिता छटपटा रहे हैं। उनके जांघ में गोली लगी हुई है। इस दौरान उन्होंने गांव के ही प्रमोद महतो आदि को भागते हुए देखा। आरोप है कि प्रमोद से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। हल्ला होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। जख्मी सुरेश महतो को परिवार के लोग लेकर तड़के सदर अस्पताल पहुंचे। सदर अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी नगर थाने को दी है। नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर विक्रम आचार्य ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी को बयान के लिए भेजा गया है। विद्यापतिनगर थाने को घटना की जानकारी दी गई है।