मनीष की मौत पर परिजनों ने उठाए सवाल

Update: 2026-07-03 09:26 GMT

Bihar: मुंगेर मंडल कारा में बंद विचाराधीन बंदी मनीष कुमार की मौत को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हवेली खड़गपुर प्रखंड के मधुबन दरियापुर निवासी मनीष कुमार की जेल की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। हालांकि, परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद किसी बंदी का जेल की छत तक पहुंच जाना कई सवाल खड़े करता है। मृतक के भाई तुलसी कुमार ने आरोप लगाया कि यह जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना की जानकारी परिवार को समय पर नहीं दी गई और उन्हें मीडिया के माध्यम से इसकी सूचना मिली।

मृतक की भाभी वंदना कुमारी ने बताया कि दो-तीन दिन पहले मनीष ने जेल से फोन कर परिवार को मिलने के लिए बुलाया था। उसने यह भी कहा था कि वह अपने भाई की हत्या से जुड़े कुछ अहम तथ्य साझा करेगा। परिवार ने 8 जुलाई को उससे मिलने की योजना बनाई थी, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।

परिजनों का आरोप है कि यदि मुलाकात होती तो मनीष कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने रखता। इस आधार पर उन्होंने इसे संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

परिवार के एक अन्य सदस्य रोशन कुमार ने भी आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की लापरवाही से यह घटना हुई है और मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मनीष मानसिक तनाव में भी था। जानकारी के अनुसार, 18 मई को मनीष पर अपने सगे भाई नीतीश कुमार की हत्या का आरोप लगा था, जिसके बाद 20 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुंगेर जेल भेजा गया था।

शुक्रवार सुबह जेल परिसर में मनीष की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। जेल प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News