चितवन पार्क में मानसून के चलते एंट्री बंद

Update: 2026-07-02 11:46 GMT

नेपाल: प्रमुख पर्यटन स्थल चितवन नेशनल पार्क के कोर एरिया में चलने वाली जंगल सफारी सेवा को मानसून के कारण बुधवार से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। पार्क प्रशासन ने यह फैसला पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लिया है। हालांकि पार्क के आसपास स्थित सामुदायिक वनों में सफारी सेवा पहले की तरह जारी रहेगी, जिससे सीमित रूप में पर्यटकों को जंगल भ्रमण का अवसर मिलता रहेगा।

चितवन नेशनल पार्क के सूचना अधिकारी अविनाश थापामगर ने जानकारी दी कि बरसात के मौसम में जंगल के रास्तों पर बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा कच्चे मार्गों के क्षतिग्रस्त होने और पेड़ों के गिरने से रास्ते अवरुद्ध हो सकते हैं, जिससे सफारी के दौरान सुरक्षा जोखिम पैदा होता है। इसी कारण कोर एरिया में जीप सफारी और पैदल सफारी दोनों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार मानसून का समय वन्यजीवों के प्रजनन का भी महत्वपूर्ण काल होता है। इस दौरान मानवीय गतिविधियों को कम रखने से जानवरों और पक्षियों को प्राकृतिक वातावरण में बिना बाधा के रहने का मौका मिलता है। यही कारण है कि हर साल मानसून के दौरान यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाता है।

पार्क प्रशासन ने संकेत दिया है कि मौसम सामान्य होने के बाद, संभवतः दशहरा के आसपास, जंगल सफारी सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है। तब तक सौराहा, कसरा, मेघौली, माडी और नवलपरासी जैसे प्रमुख प्रवेश द्वारों से कोर एरिया में पर्यटन पूरी तरह बंद रहेगा।

इस निर्णय से नेपाल और भारत से आने वाले हजारों पर्यटकों पर असर पड़ने की संभावना है, जो आमतौर पर चितवन नेशनल पार्क में जीप सफारी के जरिए वन्यजीवों का आनंद लेते हैं। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि मानसून के दौरान सफारी बंद रहने से स्थानीय पर्यटन गतिविधियों में अस्थायी गिरावट आती है, लेकिन सुरक्षा और संरक्षण के लिहाज से यह जरूरी कदम माना जाता है।

Tags:    

Similar News