Bihar:बिहार के गया में 9000 से अधिक शिक्षकों पर कार्रवाई की चेतावनी, 24 घंटे में जानकारी अपडेट नहीं करने पर वेतन पर रोक संभव | गया जी से हरीबंश कुमार की रिपोर्ट के अनुसार बिहार के गया जिले में शिक्षा विभाग ने हजारों शिक्षकों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर जानकारी अपडेट नहीं करने वाले शिक्षकों पर अब विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आवश्यक विवरण अपडेट नहीं किया गया तो संबंधित शिक्षकों का वेतन रोक दिया जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।
शिक्षा विभाग के अनुसार गया जी जिले में 9000 से अधिक शिक्षक ऐसे हैं जिन्होंने अब तक अपनी व्यक्तिगत और सेवा संबंधी जानकारी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपडेट नहीं की है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला शिक्षा कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) आनंद कुमार ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालय अवर निरीक्षकों (नगर निगम) तथा लेखा सहायक-सह-डाटा एंट्री ऑपरेटरों को निर्देश दिया है कि सभी शिक्षकों का डेटा समय पर अपडेट कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी बताया गया कि प्राथमिक शिक्षा निदेशक, पटना के निर्देश पर सभी शिक्षकों को 5 जून 2026 तक अपना विवरण अपडेट करने का समय दिया गया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अब तक अपनी जानकारी अपडेट नहीं की है। इसमें स्थायी पता, वर्तमान पता, पदस्थापन विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी शामिल है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपना पूरा विवरण अनिवार्य रूप से अपडेट करना होगा। ऐसा न करने की स्थिति में वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई जैसी सख्त कदम उठाए जाएंगे। इससे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और डेटा अपडेट सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।