Bihar बिहार : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में साइबर अपराधियों ने एक युवक से चतुराई से 85 हजार रुपये ठग लिए। योगापट्टी के मच्छरगांवा निवासी दीपू कुमार को एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई के कोलाबा पुलिस स्टेशन से बताया। आरोपी ने दीपू पर लड़कियों को अश्लील मैसेज भेजने का झूठा आरोप लगाया और कहा कि उसके खिलाफ 20 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
इसके साथ ही गिरफ्तारी का वारंट भी होने की बात कही गई।दीपू कुमार ने जब खुद को निर्दोष बताया, तो ठगों ने आधार कार्ड की जानकारी बताकर और ज्यादा डराना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने सीबीआई, टेलीकॉम, आरबीआई और मनी लांड्रिंग अधिकारियों के नाम पर फर्जी कॉन्फ्रेंस कॉल करवाई। व्हाट्सएप कॉल के दौरान बैकग्राउंड में पुलिस सायरन और वायरलेस की आवाजें सुनाई दीं, जिससे दीपू और डर गया।
इन तथाकथित अधिकारियों ने तीन घंटे दस मिनट तक उसे डिजिटल अरेस्ट में रखा और डराकर एक बैंक खाते में 85 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद जब दीपू को ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत बैंक जाकर अपना खाता होल्ड करवाया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। उसकी शिकायत पर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साइबर डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।