स्प्रे कर परिवारों को बेहोश कर वारदात

Update: 2026-06-25 09:40 GMT

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बुधवार रात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और दो लाख रुपये से अधिक नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने गांव के लालबाबू सिंह, सतीश कुमार सिंह और संजय सिंह के घरों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले घरों में मौजूद लोगों को नशीला स्प्रे सुंघाकर बेहोश कर दिया, जिससे सभी सदस्य गहरी नींद में चले गए। इसके बाद चोरों ने आसानी से अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया।

पीड़ित परिवारों का कहना है कि चोरी के दौरान चोरों ने घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे ताकि किसी को भनक न लगे और वे आराम से वारदात को अंजाम दे सकें। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घरों में सामान बिखरा हुआ था और अलमारी-बक्सों के ताले टूटे पड़े थे। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।

परिवारों ने बताया कि चोरी गए सामान में शादी-ब्याह के समय के सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती दस्तावेज शामिल हैं। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा थानाध्यक्ष रवि कुमार, अंचल निरीक्षक, डीआईयू और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह वारदात किसी संगठित गिरोह द्वारा की गई लगती है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस घटना के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोग रात्रि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News