Champaran चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में शिव मंदिर के पुजारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह मंदिर परिसर में खून से लथपथ उनका शव मिला। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो पुजारी का शव देखा, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। शव की पहचान मंदिर के पुजारी हरि गिरि के रूप में हुई है। बाद में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पुलिस इस हत्याकांड में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार हरि गिरि पिछले कई वर्षों से नया चौक के पास स्थित मठ में पुजारी का काम कर रहे थे। वे मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पिपरा थाने के डीएसपी संतोष कुमार सिंह और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
मृतक के भतीजे राजन गिरि ने इस मामले में पिपरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें गांव के ही तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जमीन के कारण ही मेरे चाचा की हत्या की गई है। उन्होंने कहा, ‘पिपरा चौक पर मेरी पुरानी जमीन है, लेकिन भू-माफियाओं ने फर्जी कागजात बनाकर जमीन पर कब्जा कर लिया है। बार-बार कहने के बावजूद वे जमीन खाली नहीं कर रहे हैं और इसी कारण उन्होंने मेरे चाचा की हत्या कर दी है।’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने राहुल सिंह और अनिल कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।