छपरा। छपरा में पोखर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। एक साथ दोनों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। घटना सारण जिला के दरियापुर थाना क्षेत्र अंर्तगत बिसाही गांव में मंगलवार को हुई है। दोनों ही मिट्टी लाने गए थे और इस दौरान पोखर में नहाने के बीच यह हादसा हुआ। भाई को डूबता देख बहन ने उसे बचाने की कोशिश की पर दोनों ही डूब गए। मृतकों की पहचान बिसाही निवासी सुनील राय की पुत्री दूजा कुमारी (12) और पुत्र विनोद कुमार (10वर्ष) के रूप में की गई।
घटना बिसाही गांव के हरिनगर उच्च विद्यालय के समीप पोखरे में घटित हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह दूजा और विनोद घर में किसी को बिना कुछ बताए ही मिट्टी लाने हाईस्कूल के पोखर में गए थे। ज्यादा समय बीत जाने पर परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की। इसी बीच उनके कपड़े पोखर के पास मिले। इसके बाद अनहोनी से घबराए परिजन व स्थानीय लोगों ने पोखर में उनकी तलाश करने लगे। तभी दोनों का शव बरामद किया गया।