Bihar को मिलेगी 415 करोड़ की नई योजनाएं

Update: 2026-06-15 09:18 GMT

Bihar:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 16 जून को अपने एक दिवसीय दौरे पर पहली बार सीवान पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला सीवान दौरा होगा, जिसे लेकर जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान वे 415 करोड़ रुपये से अधिक की 44 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री 178.38 करोड़ रुपये की 18 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 236.80 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। कुल मिलाकर 415.18 करोड़ रुपये की योजनाओं से सीवान जिले के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पचरुखी प्रखंड के पपौर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 20 स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता को दी जाएगी। इनमें जीविका, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, ऊर्जा, परिवहन, समाज कल्याण, पंचायती राज, उद्योग, खेल, वन, सहकारिता और नगर विकास जैसे विभाग शामिल रहेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ सहयोग शिविर में भाग लेंगे, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। यह अभियान राज्य सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वे सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं का रोडमैप जनता के सामने रखेंगे। कार्यक्रम को लेकर पपौर पंचायत को वीवीआईपी जोन घोषित किया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा सीवान के बुनियादी ढांचे, रोजगार, ग्रामीण विकास और जनसेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Tags:    

Similar News