Bihar: धमकी मामले में तेजप्रताप के ड्राइवर का दावा, आकाश यादव का हुआ जिक्र
ड्राइवर को धमकी केस में आकाश यादव का नाम, मामले ने पकड़ा तूल
Tej Pratap Yadav Controversy: तेजप्रताप यादव के सरकारी आवास में कथित चोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. अब इस केस के गवाह और तेजप्रताप के ड्राइवर अनिल कुमार यादव ने परिवार समेत जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है. उन्होंने गर्दनीबाग थाने में आवेदन देकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की है.
‘गवाही मत देना, नहीं तो अच्छा नहीं होगा’
अनिल कुमार और उनकी पत्नी रंजू देवी का आरोप है कि शुक्रवार देर रात मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती, उनके ससुर और साली उनके घर पहुंचे.
आवेदन के मुताबिक, उन्होंने गवाही नहीं देने की चेतावनी दी. साथ ही कहा कि अगर कोर्ट या पुलिस के सामने बयान दिया तो पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा. आवेदन में ‘आकाश यादव’ नाम के व्यक्ति का हवाला देकर परिवार को उठवा लेने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
पत्नी बोलीं- मैं घर पर अकेली थी
रंजू देवी ने बताया कि घटना के समय उनके पति तेजप्रताप यादव के आवास पर थे. वह घर पर अकेली थीं. इसी दौरान कुछ लोग घर पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. इसके बाद परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की.
क्या है पूरा मामला?
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब तेजप्रताप यादव ने सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पूर्व निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय ने उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और कई कीमती सामान चोरी कर लिए.
शिकायत के अनुसार, 22 जून की रात ड्राइवर अनिल कुमार और एक अन्य सहयोगी ने मोतीलाल राय को बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर जाते हुए देखा था.
चोरी हुए सामान का भी किया जिक्र
एफआईआर में तेजप्रताप यादव ने दावा किया है कि उनके आवास से पार्टी फंड के करीब 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार iPhone 17 Pro Max मोबाइल चोरी हुए हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मोतिलाल की पत्नी ने लगाए तेजप्रताप पर आरोप
दूसरी ओर, मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने भी तेजप्रताप यादव के खिलाफ अगमकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति को झूठे मामले में फंसाया जा रहा है. उनका कहना है कि घटना वाले दिन रात 8 बजे तक मोतीलाल तेजप्रताप यादव के साथ ही थे और उन्होंने तेजप्रताप के मोबाइल से ही वीडियो कॉल किया था.
प्रीति ने यह भी आरोप लगाया कि तेजप्रताप यादव के ड्राइवर कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचे. उन्होंने खुद को ईडी और सीबीआई का अधिकारी बताकर घर की तलाशी ली और उन्हें कमरे में बंद कर दिया. उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है और अपने पति का पता लगाने की मांग की है. फिलहाल पटना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है.