बिहार पुलिस में कार्रवाई, 10 दारोगा निलंबित

Update: 2026-07-03 14:14 GMT

बिहार: कोसी प्रक्षेत्र में पुलिस महकमे के भीतर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष ने सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिलों के 10 दारोगाओं को सस्पेंड कर दिया है। इन सभी पर दलालों के जरिए पुलिस जांच और केस को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इसके साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

यह मामला सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में पुलिस जांच को पैसे के दम पर प्रभावित करने की बात सामने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद डीआईजी ने तुरंत जांच के आदेश दिए थे।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिख रहे एक दलाल सतीश कुमार को गिरफ्तार किया। वह सलखुआ थाना क्षेत्र के बहुरउवा गांव का रहने वाला है। तलाशी में उसके पास से लैपटॉप और पुलिस जांच से जुड़े कई गोपनीय दस्तावेज बरामद हुए। आरोप है कि वह थानों में सक्रिय रहकर केस को प्रभावित करता था और मोटी रकम वसूलता था।

रिपोर्ट के अनुसार, सतीश कुमार का नेटवर्क सहरसा, मधेपुरा और सुपौल के कई थानों तक फैला हुआ था। वह थाने में बैठकर केस डायरी तक लिखने की भूमिका निभाता था। इससे पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं।

सस्पेंड किए गए अधिकारियों में सलखुआ के थानाध्यक्ष समेत विभिन्न थानों और जिला बल के दारोगा शामिल हैं। डीआईजी ने साफ कहा है कि पुलिस में भ्रष्टाचार और दलाली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी आरोपियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी है और मामले में आगे और कार्रवाई की संभावना है।

Tags:    

Similar News