Bihar News: ढाई साल की बच्ची रोने लगी तो पिता ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
Bihar News: कोइलवर में एक सनकी पिता ने ढाई साल की मासूम बेटी के रोने से परेशान होकर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना कोईलवर थाना क्षेत्र के सुरौंधा कॉलोनी गांव की है। पिता ने बुधवार को बच्ची की पिटाई की, गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृत बच्ची सुरौंधा कॉलोनी गांव निवासी आदित्य महतो की पुत्री अनुष्का कुमारी थी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कातिल पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची अनुष्का के नाना पारस महतो ने बताया कि मासूम का पिता नशे का आदी है। उसकी मां आलू के कोल्ड स्टोर में काम करती है। बुधवार को उसकी मां रोज की तरह काम पर गई थी। इस बीच उसका पिता आदित्य महतो नशे की हालत में घर आया। तब अनुष्का रो रही थी। इससे नाराज सनकी पिता अपनी मासूम बेटी को उसे छत पर ले गया और घर में रखे बर्तन से उसकी पिटाई कर दी। इससे उसे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।