Bihar: गोपालगंज के विजयीपुर में रविवार शाम भोजपुर के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। यह मार्च नवतन मोड़ से शुरू होकर बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए माडर घाट चौक तक पहुंचा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा हाथों में मोमबत्तियां लेकर शामिल हुए और सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। युवाओं ने आरोप लगाया कि एनकाउंटर को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है।
इस दौरान बेलवा पंचायत के मुखिया संदीप यादव ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। राजद प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र मांझी ने पीड़ित परिवार को न्याय देने के साथ आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
कैंडल मार्च में कई स्थानीय नेता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।