भागलपुर: थाना क्षेत्र की सनहा पश्चिम पंचायत स्थित एक बगीचे में आम के पेड़ से लटका एक युवक का शव मिलने से आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई. इसकी सूचना मिलते ही वहां सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए. जो लोग आते वे शव की स्थिति व कम ऊंचाई पर लटके शव को देखकर युवक की हत्या कर शव को लटकाए जाने की बात कर रहे थे.

आसपास के गांवों के लोग जब जमा हुए तो मृतक की पहचान थाना क्षेत्र फैजपुर बरबीघी निवासी मो. जाफर के 35 वर्षीय पुत्र मो. शहजाद के रूप में की गयी. युवक की पहचान होते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया. इधर, मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वहां उपस्थित लोगों से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पीड़ित परिजन उक्त युवक की हत्या कर दिये जाने की आशंका जता रहे थे. परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार मो. शहजाद अपने ससुराल सनहा पश्चिम में रहता था और वहीं से मछली बेचकर अपनी व अपने परिवार की आजीविका चलाता था. परिजनों के मुताबिक की रात 9 बजे तक लोगों ने उसे टहलते हुए देखा. उसके बाद देर रात तक वह अपने घर यानी ससुराल नहीं पहुंचा. सुबह लोगों को आम के बगीचे में युवक का शव लटके होने की सूचना मिली. परिजन जब वहां पहुंचे तो मो. शहजाद का शव देख स्तब्ध रह गये. इधर, मामले को लेकर पूछे जाने पर थानाध्यक्ष प्रशिक्षु एसडीपीओ हिमांशु कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा. वहीं, परिजन भी हत्या की आशंका जता रहे हैं. मृतक के शरीर व गुप्तांग पर जख्म के निशान मिले हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Tags: