वाहन खरीदने से पहले जरूर रखें ये सावधानियां

Update: 2026-07-01 14:39 GMT

Bihar: मोतिहारी से राज निखिल की रिपोर्ट के अनुसार, सेकेंड हैंड वाहन खरीदने वालों के लिए पुलिस ने अहम चेतावनी जारी की है। पूर्वी चंपारण में चोरी की गाड़ियों की खरीद-बिक्री और फर्जी दस्तावेजों के जरिए हो रही ठगी के मामलों को देखते हुए मोतिहारी पुलिस ने यह एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पूरी जांच-पड़ताल के कोई भी पुरानी गाड़ी न खरीदें, वरना वे कानूनी मुश्किलों में फंस सकते हैं।

मोतिहारी सदर डीएसपी-2 जितेश कुमार पांडेय ने कहा कि कई लोग कम कीमत के लालच में बिना दस्तावेजों की जांच किए वाहन खरीद लेते हैं, जिसके बाद पता चलता है कि वाहन चोरी का है या उसके कागजात फर्जी हैं। ऐसी स्थिति में न केवल वाहन जब्त हो सकता है, बल्कि खरीदार पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस के अनुसार, कुछ गिरोह सक्रिय हैं जो चोरी की गाड़ियों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बाजार में बेच रहे हैं। ये गिरोह लोगों को कम कीमत का लालच देकर फंसाते हैं। बाद में जब पुलिस जांच होती है तो खरीदार को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।



डीएसपी ने स्पष्ट किया कि वाहन खरीदने से पहले जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में रजिस्ट्रेशन नंबर और सभी दस्तावेजों का सत्यापन कराना जरूरी है। इसके अलावा आरसी, इंश्योरेंस और वाहन के स्वामित्व की पूरी जांच करना चाहिए। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही भुगतान करें और किसी भी संदिग्ध सौदे से दूर रहें। सावधानी बरतकर न केवल अपना पैसा सुरक्षित रखा जा सकता है, बल्कि अवैध वाहन कारोबार पर भी रोक लगाई जा सकती है।

पुलिस ने यह भी कहा कि जागरूकता ही इस तरह की ठगी से बचने का सबसे बड़ा उपाय है। यदि लोग नियमों का पालन करें और दस्तावेजों की सही जांच करें, तो ऐसे मामलों में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। मोतिहारी पुलिस की इस एडवाइजरी के बाद लोगों से अपील की जा रही है कि वाहन खरीदते समय जल्दबाजी न करें और सभी जरूरी कागजातों की जांच अनिवार्य रूप से करें।

Tags:    

Similar News