थम नहीं रहे पत्रकारों पर हमले: एक और पत्रकार को मारी गई गोली, भीड़ ने हमलावर की पीटा

घायल युवक एक दैनिक अखबार से भी जुड़ा हुआ है.

Update: 2021-11-22 02:43 GMT

अररिया: अररिया जिले में रविवार की शाम रानीगंज थाना क्षेत्र के गितवास बाजार में आपसी विवाद में 24 साल के एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल युवक बलराम विश्वास रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट पंचायत स्थित नंदकार गांव निवासी अशोक विश्वास का बेटा है। घायल युवक एक दैनिक अखबार से भी जुड़ा हुआ है।

घटना के बाद घायल युवक बलराम विश्वास को स्थानीय लोगों की मदद से अररिया सदर अस्पताल भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया। वहीं युवक बलराम विश्वास को गोली मारने वाले आरोपी युवक सुमन साह को ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया। जमकर पिटाई करने के बाद उसे रानीगंज पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी घायल युवक का अररिया सदर अस्पताल में पुलिस की हिरासत में इलाज चल रहा है। वहीं घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद किया गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार नंदकार निवासी बलराम विश्वास का खरहट पंचायत के बेटोना निवासी सुमन साह से एक साल से विवाद चल रहा था। इस बात को लेकर बलराम विश्वास ने रानीगंज पुलिस को पूर्व में न सिर्फ लिखित शिकायत की थी, बल्कि आरोपी सुमन साह को पकड़कर रानीगंज पुलिस के हवाले भी किया था। लेकिन बाद में पंचायती कर दोनो पक्षों की सहमति बनने पर उसे छोड़ दिया गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि बलराम विश्वास के एक नजदीकी महिला रिश्तेदार से सुमन साह छेड़खानी करता था। इसी बात पर बलराम ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया था। इसके बाद से आरोपी सुमन साह सोशल मीडिया पर बलराम विश्वास को जान से मारने की धमकी देते रहता था। इस मामले में बलराम ने रानीगंज पुलिस को फिर से लिखित शिकायत की थी।
रविवार की शाम बलराम विश्वास व सुमन साह के बीच गितवास बाजार में पूर्व से विवाद को लेकर फिर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान अचानक सुमन साह ने बलराम विश्वास को गोली मार दिया। गोली बलराम विश्वास के कमर में लगी है। अररिया सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बलराम को इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है। ग्रामीणों की पिटाई से घायल सुमन साह का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है। एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने बताया की पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा।

Tags:    

Similar News

-->