Bihar: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) ने स्नातक सत्र 2026-30 के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार देर शाम इसे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया गया। चयनित विद्यार्थियों को 25 जून तक संबंधित कॉलेजों में नामांकन लेना अनिवार्य किया गया है।
मेरिट लिस्ट जारी होने में देरी के कारण छात्रों को नामांकन के लिए बहुत कम समय मिला है। पहले इसे 22 जून को जारी करने की योजना थी, लेकिन सूची 23 जून की शाम करीब 5 बजे जारी की गई। इसके चलते पहले दिन किसी भी कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी, जिससे छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कई कॉलेजों में अभी भी सीटें बड़ी संख्या में खाली हैं। महारानी जानकी कुंवर महाविद्यालय, राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय और महेश्वर नाथ महिला महाविद्यालय सहित कई संस्थानों में अब तक आधे से भी कम सीटों पर नामांकन हो पाया है। इसके बावजूद दूसरी मेरिट लिस्ट में सैकड़ों विद्यार्थियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिससे कॉलेज प्रशासन भी स्थिति को लेकर असमंजस में है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे समय पर नामांकन प्रक्रिया पूरी करें। नामांकन के समय विद्यार्थियों को कॉलेज अलॉटमेंट लेटर, मैट्रिक और इंटरमीडिएट की मार्कशीट, स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC), आधार कार्ड, अपार आईडी और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। अन्य बोर्ड से उत्तीर्ण छात्रों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट भी जमा करना होगा।
आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाणपत्र और आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना भी जरूरी किया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
फिलहाल कॉलेजों में नामांकन की धीमी गति और मेरिट लिस्ट में देरी को लेकर छात्रों में नाराजगी देखी जा रही है। प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द नामांकन प्रक्रिया पूरी करें।