निर्जला एकादशी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Update: 2026-06-25 08:52 GMT

Bihar: गया जी। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को गया स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर, प्रवेश मार्ग और फल्गु नदी तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लाखों भक्तों ने भगवान विष्णु के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

मंदिर में भीड़ को देखते हुए प्रशासन और नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर पेयजल टैंकर लगाए गए और फल्गु नदी तट पर स्नान, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पुलिस बल और नगर निगम के कर्मचारी लगातार मेला क्षेत्र में तैनात रहे।

धार्मिक मान्यता के अनुसार निर्जला एकादशी को वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण एकादशियों में से एक माना जाता है। विष्णुपद मंदिर के पुजारी प्रणेश लाल गुरथा ने बताया कि ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की इस एकादशी को भीमसेनी एकादशी भी कहा जाता है। मान्यता है कि जो लोग पूरे वर्ष की 24 एकादशियों का व्रत नहीं कर पाते, वे इस दिन व्रत कर समान पुण्य प्राप्त कर सकते हैं।

श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु को तुलसी अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही दान-पुण्य, ब्राह्मण सेवा और जरूरतमंदों को जल पिलाने जैसे कार्य भी किए गए। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

नगर निगम के महापौर गणेश पासवान ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रही। उन्होंने कहा कि सभी विभागों ने मिलकर बेहतर व्यवस्था की है और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। कई समाजसेवी संगठनों ने भी सेवा शिविर लगाकर भोजन, पानी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और लगातार निगरानी करता रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। निर्जला एकादशी पर शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन दिनभर चलता रहा और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।

Tags:    

Similar News