सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया प्रेमी जोड़ा

Update: 2026-07-02 10:06 GMT

मोतिहारी, बिहार। पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े के साथ कथित तौर पर भीड़ द्वारा अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सात नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बंजरिया थाना क्षेत्र की पचरूखा पूर्वी पंचायत के पकड़िया टोला निवासी युवक और सिसवा पूर्वी पंचायत के कचहरिया टोला की एक महिला के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। सोमवार देर शाम युवक कथित तौर पर महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने दोनों को पकड़ लिया।

आरोप है कि भीड़ ने दोनों के साथ मारपीट की और उनका सिर मुंडवा दिया। इसके बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हुए पूरे गांव में घुमाया गया। घटना के समय मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने इस पूरी घटना को देखा। बाद में मंगलवार सुबह दोनों को सरपंच पति के घर ले जाया गया, जहां से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने संरक्षण में लिया। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर सात नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि युवक के खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags:    

Similar News