कटिहार। नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में जिले के पांच नगर पंचायतों में आज रविवार को चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे तक मनिहारी, बारसोई, कोढ़ा, अमदाबाद और कुरसेला नगर पंचायत में कुल 63.71 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान केंद्र पर सुबह से मतदाताओं की लंबी कतार लगी थी। जिसमें महिला मतदाता की संख्या पुरुषों की अपेक्षा अधिक थी। मतदाताओं ने इस बार वार्ड पार्षद के अलावा मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद को सीधे वोटिंग कर चुना। पांचों नगर पंचायत के 72 वार्डों में 118 मतदान केंद्र बनाया गया था। शाम पांच बजे तक बारसोई नगर पंचायत में कुल 67.75 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 72.75 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 62.75 प्रतिशत रही।
कोढ़ा में कुल 60.04 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें पुरूष 59.02 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 61.05 प्रतिशत रही। इसी तरह कुर्सेला में कुल 68.23 प्रतिशत में पुरूष 71.25 तथा महिला 65.21 प्रतिशत, मनिहारी में कुल 62.76 में पुरूष 60.75 एवं महिला 64.76 प्रतिशत। अमदाबाद में कुल 59.77 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें पुरूष मतदाता 66.25 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 52.28 प्रतिशत रहा। सभी पांचों मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों एवं पुलिस बल सुरक्षा को लेकर इंतजाम थे। ईवीएम तथा सफल चुनाव हेतु विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सेक्टर पदाधिकारी मुस्तैद दिखे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी उदयन मिश्रा के निर्देशानुसार पांचों नगर पंचायत क्षेत्र में पुलिस बल तैनाती गई थी। हर चौक चौराहे और मुख्य सड़कों पर पुलिस गश्त करते नजर आए। तथा मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मोर्चा संभाल रखा था। समाचार लिखे जाने तक मतदान जारी है।