फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका से 6 लोग झुलसे

Update: 2023-02-11 07:41 GMT
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फपुर जिलें के कुढ़नी में तुर्की ओपी अंतर्गत दरियापुर कफेन पंचायत के वार्ड सात स्थित एक सत्तू फैक्ट्री में रसोई गैस के रिसाव से तेज धमाका हुआ। गैस रिसाव के साथ अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। इसकी चपेट में वहां काम कर रहे आधा दर्जन मजदूर झुलस गए। झुलसे मजूदरों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद फैक्ट्री का शटर गिराकर संचालक मोहन ठाकुर फरार हो गया। घायलों में से एक की पहचान मधौल निवासी अशोक ठाकुर के रूप में हुई है। अन्य घायलों का इलाज चोरी छिपे कहीं कराए जाने की बात बताई जा रही है। कुछ घायल मजदूर मनियारी के मरीचा के रहनेवाले बताए जा रहे हैं। इधर, तुर्की ओपी प्रभारी रवि प्रकाश ने घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी मिलने की बात कही है। फैक्ट्री संचालक फरार हो गया है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वही उन्होंने कहा कि घायलों का पता लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि सत्तू फैक्ट्री में चने को उबालने के लिए गैस को चालू किया गया। इसी बीच पाइप के बीच में लगी रिंग से गैस का रिसाव होने लगा। जब तक वहां काम कर रहे मजदूर कुछ समझ पाते आग की तेज लपटें निकलने लगीं। इससे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। तेज आवाज के कारण बड़ी घटना की आशंका में सभी इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोग एवं मजदूरों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों एवं तुर्की पुलिस की मानें तो फैक्ट्री डेढ़-दो साल से रुक-रुक कर चल रही थी। इससे पहले यही फैक्ट्री दूसरी जगह थी। मकान बनने के बाद यहां शिफ्ट की गई। बताया जा रहा कि फैक्ट्री में व्यावसायिक की जगह घरेलू और छोटे गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था। इस कारण हादसा हुआ। इससे पहले भी फैक्ट्री की मशीन की हालत को देखकर मजदूरों ने काम करने से इन्कार किया था। संचालक थोड़े दिन और चलाने की बात कहते हुए फैक्ट्री संचालित कराता रहा। छह माह पूर्व भी यहां इस तरह की घटना होते-होते बच गई।
Tags:    

Similar News