माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, असम (SEBA) के परीक्षा नियंत्रक, नयन ज्योति सरमा ने हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (HSLC) परीक्षा के सामान्य विज्ञान विषय के पेपर लीक की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। भौरी देवी सरावगी हाई स्कूल से सामान्य विज्ञान का प्रश्न पत्र गायब हो गया और इस मामले के संबंध में परीक्षा केंद्र में ड्यूटी पर तैनात दो शिक्षकों और एक ड्राइवर से फिलहाल सीआईडी पूछताछ कर रही है.
इससे पहले 13 मार्च को, सीआईडी ने कथित तौर पर पेपर लीक मामले में पूछताछ के लिए भौरी देवी सरावगी हाई स्कूल के दो शिक्षकों और एक ड्राइवर सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में ज्योतिरेखा बोरगोहेन, हेराम्बो कुमार दास और बिंदेश्वर तुमुंग शामिल हैं।
कथित तौर पर सोशल मीडिया पर प्रश्न पत्र लीक होने के बाद 12 मार्च को SEBA ने अंतिम समय में सामान्य विज्ञान की परीक्षा रद्द करने का फैसला किया था। SEBA द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, कछार जिले के एक केंद्र में अंग्रेजी की परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।
सोमवार को गुवाहाटी में सीआईडी मुख्यालय पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए, नयन ज्योति सरमा ने कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, और हम दोषियों को पकड़ने में सीआईडी को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। एसईबीए ने एक मामला दर्ज किया था, और मैं शिकायतकर्ता की ओर से बोलने के लिए सीआईडी मुख्यालय आया हूं।"
सामान्य विज्ञान विषय की निरस्त एचएसएलसी परीक्षा अब प्रदेश के सभी केंद्रों पर 30 मार्च को सुबह नौ बजे से होगी। यह घोषणा एक अधिसूचना के माध्यम से की गई थी, जिसे राज्य के शिक्षा मंत्री रानोज पेगू ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा किया था।
Tags: