मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व ने PSO को बताया कांग्रेस की संस्कृति

असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) को कांग्रेस की संस्कृति करार दिया।

Update: 2021-12-26 15:19 GMT

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) को कांग्रेस की संस्कृति करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से कहा कि वह कांग्रेस की इस संस्कृति को छोड़ दें।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में भाजपा के किसी भी नेता को जान का खतरा नहीं है क्योंकि भाजपा नेताओं ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। उन्होंने कहा, 'हमें जान का कोई खतरा नहीं है। हमें पीएसओ की आवश्यकता क्यों होगी? हमें कौन मारेगा? यह कांग्रेस की संस्कृति है।'
'हमने कोई बुरा काम नहीं किया'
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस बात की गारंटी दे सकते हैं कि भाजपा के किसी भी सदस्य को कोई खतरा नहीं है। सरमा ने कहा, 'हमने कोई बुरा काम नहीं किया है। अब कोई सक्रिय (उग्रवादी) संगठन भी नहीं हैं। हालांकि कुछ लोगों का उनके खिलाफ पुराना मुद्दा हो सकता है।'
'प्रदेश अध्यक्ष आगे आएं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास पीएसओ को हटाने का अधिकार है, लेकिन वह पार्टी की ओर से अनुरोध आने का इंतजार कर रहे हैं। सरमा ने कहा, 'मैं पीएसओ को हटा सकता हूं। लेकिन मैं इस बात का इंतजार कर रहा हूं कि हमारे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष इस मामले को खुद आगे बढ़ाएंगे।'
Tags:    

Similar News

-->