असम : पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त
पूर्वोत्तर राज्य असम में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की गई है। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआरपीएफ कर्मियों सहित असम पुलिस की एक संयुक्त टीम ने खटखटी थाना क्षेत्र के रेंगमा बस्ती में एक वाहन को रोका और उसके पास से 10 करोड़ रुपये मूल्य की 1,330 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। एक अन्य घटना में पुलिस ने बोकाजन थाना क्षेत्र के डिल्लई में रूटीन चेकिंग के दौरान एक वाहन से दो करोड़ रुपये मूल्य की 241 ग्राम हेरोइन जब्त की और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले असम पुलिस ने गुवाहाटी शहर में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और एक ट्रक से एक करोड़ रुपये से अधिक की 20,000 कफ सिरप की बोतलों की खेप जब्त की और दो लोगों को गिरफ्तार किया। ट्रक को गोरचुक इलाके में रोका गया था। संयुक्त पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि यह खेप पंजाब से मणिपुर ले जाई जा रही थी। हर बोतल की कीमत लगभग 500 रुपए है। एक अन्य घटना में राजकीय रेलवे पुलिस ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाली एक ट्रेन से 2.042 किलोग्राम अफीम बरामद की और दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अभय कुमार और सुमल कुमार के रूप में हुई है।