Assam असम : पर्यटन मंत्री रंजीत कुमार दास ने मंगलवार को विधानसभा को बताया कि पिछले चार वर्षों में 2.43 करोड़ से अधिक पर्यटक असम आए हैं।निर्दलीय विधायक अखिल गोगोई के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए दास ने कहा कि 2021-22 से 2024-25 के दिसंबर तक राज्य में आने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 2,43,64,180 है।उन्होंने कहा कि इनमें 60,306 विदेशी पर्यटक थे।वर्ष 2022-23 में सबसे अधिक 98,31,141 पर्यटक आए, जबकि 2023-24 में 70,67,335 पर्यटक राज्य में आए।वर्ष 2021-22 में पर्यटकों की संख्या 17,02,932 थी, जबकि 2024-25 (दिसंबर तक) में यह 57,62,772 थी।एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम के एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, प्रचार और कौशल विकास की योजनाएं चला रही है।
नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने 1991-92 में गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी पर एक लक्जरी क्रूज सेवा, 'जलपोरी' और 2011-12 में गुवाहाटी से माजुली तक 'महाबाहु' शुरू की।इसके अलावा, ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे स्थित गुवाहाटी और उसके आसपास के क्षेत्रों में आठ प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली 'हॉप ऑन हॉप ऑफ' बोट सेवा की योजना भी चल रही है।इसके कार्यान्वयन के लिए सागरमाला विकास कंपनी लिमिटेड, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण लिमिटेड, राज्य पर्यटन विभाग और अंतर्देशीय जल परिवहन विभाग, असम द्वारा संयुक्त रूप से एक नया निकाय बनाया गया है।दास ने कहा, "इसका नाम 'ब्रह्मपुत्र सागरमाला मंदिर दर्शनम एसपीवी प्राइवेट लिमिटेड' रखा गया है और इसे परियोजना के कार्यान्वयन का जिम्मा सौंपा गया है।"