असम बाढ़ की स्थिति में सुधार, 2.92 लाख से अधिक लोग अब भी प्रभावित

Update: 2022-07-12 14:39 GMT

गुवाहाटी: असम में बाढ़ की स्थिति में मंगलवार को काफी सुधार हुआ, हालांकि सात जिलों में 2.92 लाख से अधिक लोग अब भी बाढ़ की चपेट में हैं. एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है.

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार असम में अभी तक कोई नदी खतरे के निशान से ऊपर नहीं बह रही है और दिन के दौरान डूबने की कोई घटना नहीं हुई है।

इस साल बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या राज्य भर में 192 थी।

एएसडीएमए ने कहा कि कछार, चिरांग, हैलाकांडी, मोरीगांव, नगांव, शिवसागर और तामूलपुर जिलों में अब भी करीब 2,92,200 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

1.68 लाख से अधिक लोगों के साथ कछार सबसे बुरी तरह प्रभावित है, इसके बाद मोरीगांव में 1.13 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं और नगांव में लगभग 7,450 लोग प्रभावित हैं।

सोमवार तक राज्य के 10 जिलों में आई बाढ़ से 3.79 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए थे।

एएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में, 642 गांव पानी के नीचे हैं और पूरे असम में 1,514.92 हेक्टेयर फसल क्षेत्र क्षतिग्रस्त हो गया है।

इसने आगे कहा कि अधिकारी पांच जिलों में 83 राहत शिविर और वितरण केंद्र चला रहे हैं, जहां 5,004 बच्चों सहित 19,237 लोग शरण ले रहे हैं।

अधिकारियों ने पिछले 24 घंटों के दौरान 375.68 क्विंटल चावल, दाल और नमक, 1,649.16 लीटर सरसों का तेल और अन्य बाढ़ राहत सामग्री वितरित की है।

Tags:    

Similar News