Assam   असम : असम से उद्यमी, किसान, अधिकारी और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी समेत 135 लोग विशेष आमंत्रित के तौर पर नई दिल्ली में 76वें गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इन व्यक्तियों और उनके परिवारों को राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में 'जनभागीदारी' बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर देश भर से विभिन्न पृष्ठभूमियों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 10,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। बयान में कहा गया है कि पूर्वोत्तर के इस राज्य से महिलाएं, युवा, किसान और उद्यमी समारोह में शामिल होंगे, जो इस आयोजन की समावेशी भावना और समाज में
उनके योगदान की मान्यता का प्रतीक है। धुबरी के एक किसान नीरेश चंद्र बर्मन ने कहा कि उन्हें इस अवसर पर आमंत्रित किए जाने पर गर्व है। बर्मन ने कहा, "ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय समारोह में असम का प्रतिनिधित्व करना बेहद सम्मान की बात है। मैं प्रधानमंत्री मोदी को गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।" गोलपाड़ा जिले की एक उद्यमी रीना दैमारी, जो सुअर पालन फार्म और केक बनाने का व्यवसाय चलाती हैं, ने सरकार से अपनी उद्यमशीलता की यात्रा में मिले समर्थन और विशेष आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया।
लखपति दीदी’ और ‘पीएम सूर्य घर’ जैसी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी, बिश्वनाथ की सबिता तेरोंगपी और मंगलदाई के प्रमोद सैकिया भी परेड में शामिल होंगे।उनके साथ काजीरंगा पूर्वी असम वन्यजीव प्रभाग के वनपाल ग्रेड-I राजू उरांव भी शामिल होंगे, जिन्होंने इस सम्मान के लिए काजीरंगा प्राधिकरण, राज्य सरकार और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।गणतंत्र दिवस परेड देखने के अलावा, इन विशेष अतिथियों को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और पीएम संग्रहालय सहित दिल्ली के प्रमुख स्थलों का दौरा करने का अवसर मिलेगा। बयान में कहा गया है कि वे विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से भी बातचीत करेंगे, जिससे उनका अनुभव और बढ़ेगा।
Tags: