अरुणाचलArunachal : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। आरएसएस सूत्रों ने बताया कि अपने दौरे के दौरान वह आरएसएस पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, स्वदेशी धर्मगुरुओं से बातचीत करेंगे और प्रमुख संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी से 2 मार्च तक देश के सबसे पूर्वी राज्य की उनकी यात्रा आरएसएस की 100वीं वर्षगांठ से पहले उनके चल रहे राष्ट्रव्यापी दौरे का हिस्सा है। उनके प्रवास के दौरान एक प्रमुख कार्यक्रम नाहरलागुन के पचिन गांव में अबोतानी विद्या निकेतन में 28 फरवरी से 2 मार्च तक होने वाला ‘प्रांत कार्यकर्ता शिविर’ (राज्य स्तरीय पदाधिकारियों का शिविर) है। आरएसएस सूत्रों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों से करीब 900 आरएसएस पदाधिकारियों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है। गुरुवार शाम को भागवत राज्य की विभिन्न जनजातियों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 130 स्वदेशी धर्मगुरुओं से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को वे लेखी गांव के सेवा धाम में स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे, जहां सामूहिक शारीरिक प्रशिक्षण अभ्यास भी होगा।
भागवत कई गणमान्य व्यक्तियों और वैचारिक रूप से संबद्ध संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मिलेंगे। गुवाहाटी में पांच दिवसीय कार्यक्रम के बाद उनकी अरुणाचल प्रदेश यात्रा होगी। सूत्रों ने बताया कि 2 मार्च को अपना दौरा समाप्त करने के बाद वे शताब्दी से संबंधित अन्य कार्यक्रमों के लिए असम लौटेंगे। इस साल विजयादशमी पर आरएसएस के 100 साल पूरे हो जाएंगे, जिसके लिए देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है।