इटानगर भूस्खलनः परिवार के तीनों सदस्यों का शव तीन दिन बाद बरामद किया गया

Update: 2022-04-20 09:48 GMT

ईटानगर न्यूज़: अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमे जिला के सुलुंग टापिंग गांव में गत 17 अप्रैल को हुए भूस्खलन के दौरान मिट्टी में दबे एक ही परिवार के तीनों सदस्यों के शवों को तीन दिन बाद मंगलवार की शाम को संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान बरामद किया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों, पुलिस, स्थानीय जनता, गांवबूढ़ा के द्वारा तीन दिनों तक संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया गया। तीनों शवों को घटना स्थल से लगभग 400 से 500 मीटर के नीचे बरामद किया गया। तलाशी अभियान घटना के दिन से ही शुरू किया गया था। कुरुंग कुमे के उपायुक्त बेंगिया निघी ने बताया कि पीड़ितों की पहचान सरयू तोंगडांग (50), उनकी पत्नी सारिउ याजिक (48) और उनका आठ वर्षीय पुत्र सरयू ताकर के रूप में हुई है। गत 17 अप्रैल की रात को लगातार बारिश से विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन हुआ, विशेष रूप से यहां जिला मुख्यालय में। जिसके चलते संचार व्यवस्था भी ठप हो गयी, जबकि पानी और बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई। कुरुंग कुमे जिला का संपर्क रविवार की रात से ही राज्य के बाकी हिस्सों से कटा हुआ है। भूस्खलन ने कृषि और बागवानी उद्यान सहित कई घरों और संपत्तियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।

बरसात और भूस्खलन के चलते कमजोर इमारतों और वाहनों की आवाजाही को गंभीर रूप से प्रभावित किया। नुकसान का आकलन जारी है। अधिकारिक सूचना के अनुसार शव को घटनास्थल से बुधवार को निकाला जाएगा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News

-->