गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल में 5,610 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
ईटानगर: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को अरुणाचल प्रदेश में राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। वे राजधानी ईटानगर स्थित दोर्जी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सहकारिता समारोह में भी हिस्सा लेंगे। समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी उपस्थित रहेंगे।
सहकारिता समारोह में सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण आजीविका के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और राज्य के समग्र विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी।
इस समारोह के बाद गृह मंत्री अमित शाह 5,610.95 करोड़ रुपए की चार प्रमुख विकास पहलों का शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं में 1,500 करोड़ रुपए की लागत वाला 'मिशन शिक्षित अरुणाचल- फेज 2', दो हजार करोड़ रुपए की लागत वाला 'मुख्यमंत्री समग्र राज्य विद्युत विकास कार्यक्रम' और दो हजार करोड़ रुपए की लागत वाला 'मुख्यमंत्री समग्र राज्य ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम' शामिल हैं। इसके अलावा, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के अंतर्गत राज्य के 11 सीमावर्ती जिलों में 110.95 करोड़ रुपए की लागत वाली 199 परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
अमित शाह 'मिशन सुरक्षा' का भी शुभारंभ करेंगे। इन पहलों का उद्देश्य राज्य में शिक्षा, विद्युत व सड़क अवसंरचना, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।
वे अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत रागा लैम्प्स में निर्मित अन्न भंडारण गोदाम का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर भंडारण सुविधाओं को मजबूत बनाने और सहकारी संस्थाओं की भूमिका का विस्तार करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही, अमित शाह अरुणाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के उत्पादों के लिए ई-कॉमर्स वेबपेज की शुरुआत करेंगे। इस पहल से ग्रामीण उत्पादों को डिजिटल माध्यम से व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में सहायता मिलने की अपेक्षा है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह 'अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन 2047' का अनावरण करेंगे। वे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहकारी समितियों को सम्मानित भी करेंगे। सहकारी संस्थाओं की वित्तीय क्षमता और गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से समारोह में विभिन्न सहकारी समितियों को वित्तीय सहायता एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
समारोह के प्रारंभ में अमित शाह मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और सरस मेले का उद्घाटन करेंगे। वे मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करेंगे और महिला स्वयं सहायता समूहों व सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे।