डिब्रूगढ़: सुरक्षा बलों ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग ज़िले में म्यांमार के पांच नागरिकों (दो महिलाओं और तीन पुरुषों) को पकड़ा। इन सभी लोगों को आगे की कागज़ी कार्रवाई और प्रक्रिया के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
चांगलांग ज़िले की सीमा का एक बड़ा हिस्सा म्यांमार से लगता है।
इनकी पहचान नोक्वांग ताइखे (35), वेनचक ताइखे (21), चकसांग ताइखे (16), वेन्नाव तुची (12) और डंजन काचिक (15) के तौर पर हुई है।
एक अधिकारी ने कहा, "शनिवार को चांगलांग में म्यांमार के पांच नागरिकों को पकड़ा गया। हमने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।"
चांगलांग अवैध ड्रग्स के व्यापार के लिए एक नए रास्ते के तौर पर उभरा है। म्यांमार से सीमा लगने के कारण इस रास्ते से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान की तस्करी की जाती रही है।
हाल ही में, 21 असम राइफल्स और अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग ज़िले में नामपोंग पुलिस स्टेशन के तहत नोंगकी गांव के पास म्यांमार के दो नागरिकों को पकड़ा।
टीम ने 130.09 ग्राम वज़न का ऐसा पदार्थ भी बरामद किया, जिसके ब्राउन शुगर होने का शक है। अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में इसकी कीमत 26 लाख रुपये है।
Tags: