रायगढ़ा प्रशासन ‘मोंथा’ चक्रवात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार

Update: 2025-10-27 17:04 GMT
Rayagada रायगढ़ा। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहे चक्रवात ‘मोंथा’ (Montha) को लेकर ओडिशा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पड़ोसी जिला होने के नाते रायगढ़ा जिले में भी प्रशासन ने व्यापक एहतियाती कदम उठाए हैं। जिला कलेक्टर अशुतोष कुलकर्णी ने बताया कि 28 और 29 अक्टूबर को जिले में भारी बारिश और भूस्खलन का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए प्रशासन ने सभी विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा, “हालांकि रायगढ़ा सीधे चक्रवात के रास्ते में नहीं है, लेकिन इसकी बाहरी प्रभाव से मूसलाधार वर्षा और भूस्खलन की संभावना है। सभी ब्लॉकों में जेसीबी मशीनें और राहत सामग्री तैनात की गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्यवाही की जा सके।
उन्होंने बताया कि सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को तैयारी मॉड्यूल के तहत जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि बिजली गुल होने की स्थिति में तुरंत बहाली कार्य शुरू किया जाए। वहीं शिक्षा विभाग समेत अन्य सभी सरकारी कार्यालयों को अलर्ट कर दिया गया है। कलेक्टर कुलकर्णी ने बताया कि अगले सात दिनों में प्रसव की संभावना वाली सभी गर्भवती महिलाओं को पहले ही सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानांतरित किया जा चुका है। यह प्रक्रिया लगातार जारी है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में उनके जीवन को खतरा न हो।
इसके अलावा, जिला प्रशासन ने संवेदनशील बस्तियों और निचले इलाकों की पहचान कर ली है। इन क्षेत्रों के निवासियों को आवश्यकतानुसार अस्थायी आश्रयों में शिफ्ट करने की तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा, “अगर मौसम की स्थिति बिगड़ती है, तो पहले से चिन्हित इलाकों से तुरंत निकासी अभियान शुरू किया जाएगा। रेड अलर्ट के चलते स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद कर दिए गए हैं ताकि जनहानि से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्यों के लिए NDRF और ODRF टीमें भी स्टैंडबाय रखी गई हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकारी निर्देशों का पालन करें।
Tags:    

Similar News