Amravati अमरावती: राज्य में चक्रवात ‘मोंथा’ के संभावित खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सरकार ने पहले से ही व्यापक तैयारी कर ली थी ताकि किसी भी बड़े नुकसान को रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सभी जिलों को अलर्ट पर रखा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी एजेंसियों को सक्रिय किया गया। नायडू ने कहा, “हमने पहले ही अनुमान लगा लिया था कि आज का मोंथा चक्रवात व्यापक तबाही मचा सकता है, इसलिए हमने सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। बिजली व्यवस्था और ट्रांसमिशन लाइनों की समीक्षा कर ली गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित न हो। इसी तरह पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।”
उन्होंने बताया कि तटीय जिलों में राहत एवं बचाव दलों को तैनात कर दिया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों के पास रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। राज्य सरकार ने समुद्र तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, साथ ही स्कूलों और कॉलेजों को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन लगातार हालात की निगरानी कर रहा है और किसी भी स्थिति में जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है। “हमारा उद्देश्य है कि इस प्राकृतिक आपदा से एक भी जान न जाए और नुकसान को न्यूनतम रखा जाए,” नायडू ने कहा।
राज्य सरकार ने राहत शिविरों की व्यवस्था की है और बिजली, पानी व भोजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नायडू ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हालात पर नजर रखें और हर घंटे रिपोर्ट दें। मौसम विभाग के अनुसार, मोंथा चक्रवात ने राज्य के उत्तरी तटीय हिस्सों में तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ दस्तक दी है। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबरें हैं, हालांकि प्रशासन ने समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।