23 वर्षीय युवक ने पिटाई से परेशान होकर की खुदखुशी

Update: 2022-02-24 07:28 GMT

हरियाणा के करनाल जिले में एक युवक ने मारपीट से हताश होकर जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी। कई दिन पहले K3C मॉल से आई 10-12 लड़कियों ने राम नगर निवासी 23 वर्षीय अमन की पिटाई की थी। पिटाई होने और पिटाई का वीडियाे वायरल होने से उसे बेइज्जती महसूस हुई। परेशान होकर अमन ने जहरीली वस्तु निगलकर अपनी जान दे दी। परिजनों की शिकायत पर रामनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में हरीश कुमार ने बताया कि वे रामनगर करनाल में किराए पर रहते हैं। उसका एक लड़का व दो लड़कियां हैं। लड़का 23 वर्षीय अमन मुगल कैनाल मार्केट करनाल में प्राइवेट नौकरी करता था। 21 फरवरी को दुकान मालिक ने दुकान के काम से उसे सेक्टर 12 भेजा था।

वहां K3C मॉल की तरफ से एक लड़का भागते हुए आया और उसके पीछे छिप गया। उसने उसे कहा कि बचा लो, कुछ लड़कियां उसके साथ मारपीट कर रही हैं। इतनी ही देर में 10-12 लड़कियां K3C मॉल से आईं। लड़कियों को आते हुए देखकर उसके पीछे छिपा हुआ लड़का भाग गया, जिसे वह जानता नहीं है, लेकिन उन लड़कियों ने आते ही अमन को मारना पीटना शुरू कर दिया। वे कहने लगी कि मीडिया वालों को तुमने ही बुलाया। तुझे इस बात का मजा चखाते हैं। उसे बुरी तरह से मारा पीटा। इससे अमन मानसिक तौर पर परेशान हो गया। परेशानी के चलते अमन ने जहरीली वस्तु खा ली। उसकी जान बचाने के लिए इलाज के लिए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ले गए, जहां पर इलाज के दौरान उसके बेटे अमन की मौत हो गई। इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। परिजन अमन का शव लेने आ गए हैं, पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Tags:    

Similar News

-->