सूजी की गरमागरम कचौड़ी देख टपकने लगती है लार, घर में जरूर देखिए इसे बनाकर एक बार
लाइफ स्टाइल : कचौरी हमारे देश का एक लोकप्रिय मसालेदार व्यंजन है. स्ट्रीट फूड के रूप में यह बहुत लोकप्रिय है। कढ़ाई से निकलती गरमा गरम कचौरियां देखकर किसी के भी मुंह में पानी आ जाएगा. लोग अक्सर इनका लुत्फ़ उठाते हैं. इसके लिए किसी खास मौके की जरूरत नहीं है. आमतौर पर कचौरियां मैदे से बनाई जाती हैं, लेकिन सूजी (रवा) से बनी कचौरियां भी स्वादिष्ट लगती हैं. ये काफी स्वादिष्ट होते हैं. बच्चे हों या बड़े, इसका स्वाद सभी को पसंद आता है. आलू की स्टफिंग से बनी सूजी की कचौरी के तो क्या कहने. अगर आप कुछ नया ट्राई करने की सोच रहे हैं तो यह एक बेहतरीन विकल्प है।
सामग्री
सूजी (रवा) – 1 कप
उबले आलू- 2-3
कटी हुई हरी मिर्च - 1 छोटा चम्मच
हरा धनियां कटा हुआ - 2 बड़े चम्मच
अदरक का पेस्ट - 1/2 छोटा चम्मच
अजवाइन - 1/4 छोटी चम्मच
हींग - 1 चुटकी
हल्दी - 1/4 छोटी चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
गरम मसाला - 1/2 छोटा चम्मच
सौंफ़ - 1/2 छोटा चम्मच
धनिये के बीज पिसा हुआ - 1/2 छोटी चम्मच
जीरा - 1 चम्मच
तेल - आवश्यकतानुसार
नमक – स्वादानुसार
व्यंजन विधि
- सबसे पहले एक पैन में 2 चम्मच तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें.
- तेल गरम होने पर इसमें जीरा, धनियां, सौंफ डालकर कुछ देर तक भून लीजिए.
- इसके बाद मसाले में कटी हुई हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर मिला लीजिए और चलाते हुए भून लीजिए.
- कुछ सेकेंड भूनने के बाद पैन में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और एक चुटकी हींग डालें.
- जब मसालों से खुशबू आने लगे तो उबले हुए आलू लें और उन्हें मैश करके पैन में डालें और मसाले के साथ मिला दें.
- इसके बाद स्टफिंग में नमक डालें. अंत में हरा धनियां पत्ता डालकर मिलाएं और गैस बंद कर दें और आलू की स्टफिंग को एक बाउल में निकाल लें.
- अब एक बर्तन में 2 कप पानी डालें और उसमें अजवायन, 1 चम्मच तेल और चुटकीभर नमक डालें.
जब पानी उबलने लगे तो गैस की आंच धीमी कर दें और धीरे-धीरे सूजी को पानी में डालें और चम्मच की मदद से चलाते रहें.
- अब बर्तन को ढक दें और धीमी आंच पर सूजी को 3-4 मिनट तक उबलने दें.
- इसके बाद पकी हुई सूजी को एक बड़े बाउल में निकाल लें और ठंडा होने दें.
- जब सूजी ठंडी हो जाए तो इसे हाथ से मसल-मसल कर नरम और चिकना आटा गूंथ लें.
- आटा तैयार होने के बाद एक लोई के आकार का आटा निकाल लीजिए और इसे चपटा कर लीजिए और किनारों से दबाते हुए इसे कटोरी का आकार दे दीजिए.
- अब बीच में आलू की स्टफिंग भरें और फिर इसे चारों तरफ से बंद कर दें.
- अब धीरे-धीरे दबाते हुए एक गोला बनाएं और फिर इसे हथेलियों के बीच रखकर थोड़ा चपटा कर लें.
- इसी तरह सारी कचौरियां बना लें. - एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें सूजी की कचौरी डालकर सुनहरा होने तक तल लें.