Lifestyle लाइफ स्टाइल : बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं यह कई तरह की बीमारियों और संक्रमणों का खतरा भी बढ़ा देता है। इस मौसम में हवा में नमी, गंदा पानी और उमस बैक्टीरिया व वायरस के पनपने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करते हैं। ऐसे में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी का मजबूत होना बेहद जरूरी हो जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए महंगे सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं होती, बल्कि रोजमर्रा की डाइट में कुछ आसान और प्राकृतिक सुपरफूड्स को शामिल करके इम्युनिटी को मजबूत किया जा सकता है।
तुलसी को इम्युनिटी बढ़ाने वाले सबसे प्रभावी पौधों में से एक माना जाता है। इसमें एंटीवायरल, एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। तुलसी में मौजूद यूजेनॉल नामक तत्व सांस संबंधी समस्याओं से शरीर की रक्षा करने में मदद करता है। इसे चाय, काढ़ा या पानी में उबालकर सेवन किया जा सकता है।
अदरक भी मानसून में बेहद उपयोगी माना जाता है। इसे प्राकृतिक दर्द निवारक के रूप में जाना जाता है। अदरक शरीर में सूजन को कम करने, इम्यून सेल्स को सक्रिय करने और संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। इसे सब्जियों में डालकर, चाय या काढ़े के रूप में लिया जा सकता है। सर्दी-जुकाम में यह विशेष रूप से फायदेमंद माना जाता है।
काली मिर्च भी इम्युनिटी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसमें पिपेरिन नामक यौगिक पाया जाता है, जो एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है। यह शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को बेहतर बनाती है, जिससे इम्युनिटी मजबूत होती है।