लाइफ स्टाइल: अगर आप घर पर कोई स्वादिष्ट और कुरकुरा शाकाहारी स्नैक बनाना चाहते हैं तो दही के कबाब एक बेहतरीन विकल्प हैं। यह कबाब बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट और क्रीमी होते हैं। इन्हें बनाना भी आसान है और कम समय में तैयार हो जाते हैं। पार्टी, शाम के नाश्ते या मेहमानों के लिए यह एक परफेक्ट डिश मानी जाती है। दही कबाब की खास बात यह है कि इसे जाने-माने सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने भी अपनी कुकिंग रेसिपी में शेयर किया है, जिसमें इसे आसान और झटपट बनने वाला स्नैक बताया गया है। घर में मौजूद सामान्य सामग्री से ही इसे तैयार किया जा सकता है।
स्टफिंग तैयार करने की विधि
दही कबाब की स्टफिंग बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें और काजू को सुनहरा होने तक भून लें। इसके बाद इन्हें हल्का ठंडा करके बारीक काट लें। अब एक बाउल में भुने काजू, तली हुई प्याज, कुटी सौंफ, कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च पाउडर और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद इसमें थोड़ा गाढ़ा छना हुआ दही डालकर मिश्रण को एकसार कर दें। यह तैयार स्टफिंग अलग रख दें।
कोटिंग मिक्स तैयार करना
एक प्लेट में ब्रेड क्रम्ब्स और कुटा हुआ पोहा मिलाकर रख लें। यह कबाब को कुरकुरा बनाने में मदद करता है और तलने के बाद इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
कबाब बनाने का तरीका
अब एक बड़े बर्तन में गाढ़ा छना हुआ दही लें और उसमें नमक, काली मिर्च पाउडर, ब्रेड क्रम्ब्स, घिसा जायफल और भुना हुआ बेसन डालकर हल्के हाथों से मिलाएं। यह मिश्रण कबाब का बाहरी हिस्सा तैयार करता है। अब इस मिश्रण का एक हिस्सा हथेली पर फैलाएं और बीच में तैयार स्टफिंग रखें। इसे चारों तरफ से बंद करके गोल बॉल का आकार दें। इसी तरह सभी कबाब तैयार कर लें।
तैयार बॉल्स को ब्रेड क्रम्ब्स और पोहे के मिश्रण में अच्छे से कोट करें। इसके बाद इन्हें लगभग 5 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें ताकि इनका आकार सेट हो जाए। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और कबाब को मीडियम आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। जब कबाब अच्छे से सिक जाएं तो इन्हें किचन टिशू पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल हट जाए।
परोसने का तरीका
गरमा-गरम दही कबाब को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ परोसा जा सकता है। इसका स्वाद इतना बेहतरीन होता है कि यह हर किसी को पसंद आता है।