मिस वर्ल्ड युगांडा का अनोखा गाउन सी सेक्शन की सात परतों से प्रेरित
स्टेज पर छाया मिस वर्ल्ड युगांडा
नई दिल्ली: मिस वर्ल्ड युगांडा मुहोजा ट्रिविया एले (Muhoza Trivia Elle) ने मिस वर्ल्ड मंच पर ऐसा गाउन पहनकर सबका ध्यान आकर्षित किया, जो सिर्फ फैशन नहीं बल्कि मातृत्व और महिलाओं के अनुभवों को दर्शाने वाला एक खास संदेश भी दे रहा था। इस गाउन को 'Layers of Life' नाम दिया गया है और यह सी-सेक्शन यानी सिजेरियन डिलीवरी के दौरान शामिल होने वाली सात शारीरिक परतों से प्रेरित है।
यह खास डिजाइन डिजाइनर कीशा अब्दुल्लाह (Keesha Abdallah) ने तैयार किया है। गाउन को मिस वर्ल्ड के वर्ल्ड डिजाइनर अवॉर्ड के लिए पेश किया गया था, जहां इसकी अनोखी थीम ने लोगों का ध्यान खींचा।
गाउन में दिखी मां बनने की पूरी कहानी
पहली नजर में यह गाउन अपने खूबसूरत रंगों और लेयर्ड डिजाइन की वजह से आकर्षक दिखाई देता है, लेकिन इसके पीछे एक गहरी सोच छिपी है। डिजाइनर ने सी-सेक्शन प्रक्रिया में शामिल सात परतों को फैशन के जरिए दिखाने की कोशिश की है।
इन परतों में त्वचा, फैट, फैशिया, मांसपेशियां, पेरिटोनियम, गर्भाशय की मांसपेशी और एम्नियोटिक सैक जैसी परतों को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया है।
मातृत्व को दिया सम्मान
डिजाइनर कीशा अब्दुल्लाह ने इस गाउन को अपने अनुभवों से भी जोड़ा है। वह खुद मां बनने के अनुभव से गुजरी हैं और उन्होंने इस डिजाइन के जरिए उन महिलाओं को सम्मान देने की कोशिश की है, जो सी-सेक्शन जैसी प्रक्रिया से गुजरती हैं।
इस गाउन का उद्देश्य सिर्फ सुंदरता दिखाना नहीं बल्कि महिलाओं के शरीर की ताकत और जीवन को जन्म देने की क्षमता को सम्मान देना है।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
गाउन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कई लोगों ने इसे फैशन और जागरूकता का शानदार मेल बताया है।
यूजर्स का कहना है कि इस तरह के डिजाइन फैशन को सिर्फ खूबसूरती तक सीमित नहीं रखते, बल्कि समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भी सामने लाते हैं।
फैशन के जरिए दिया बड़ा संदेश
ब्यूटी पेजेंट में अक्सर गाउन ग्लैमर और स्टाइल का हिस्सा होते हैं, लेकिन 'Layers of Life' ने फैशन को एक भावनात्मक कहानी में बदल दिया।
मिस वर्ल्ड युगांडा का यह लुक इस बात का उदाहरण बन गया कि कपड़े सिर्फ पहनावे का हिस्सा नहीं बल्कि विचारों और अनुभवों को व्यक्त करने का माध्यम भी हो सकते हैं।