भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच ओवल में खेला जा रहा है। भारत ने पहली पारी में 191 रन बनाए तो वहीं इंग्लैंड की टीम ने इसके जवाब में पहली पारी में 290 रन बनाए और 99 रन की महत्वपूर्ण बढ़त बनाई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के वक्त भारत ने बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए थे। रोहित शर्मा 20 जबकि केएल राहुल 22 रन बनाकर खेल रहे थे। इंग्लैंड के पास अब भी 56 रन की बढ़त है।

भारत की दूसरी पारी, रोहित - राहुल की तेज शुरुआत
दूसरी पारी में भारतीय ओपनर रोहित शर्मा और केएल राहुल ने खुलकर बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत ने 16 ओवर में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिए थे। रोहित 56 गेंद पर 20 जबकि राहुल 41 गेंद पर 22 रन बनाकर खेल रहे थे।
इंग्लैंड की पहली पारी, ओली पोप-वोक्स का अर्धशतक
बमराह ने इंग्लैंड को शुरुआत झटके दिए और पहले रोरी बर्न्स को 5 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया तो फिर हसीब हमीद को शून्य पर पंत के हाथों कैच आउट करवा दिया। उमेश यादव ने टाप फार्म में चल रहे इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को 21 रन के स्कोर पर बोर्ड कर भारत को बड़ी कामयाबी दिलाई। दूसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। क्रेग ओवरटन को उमेश यादव ने 1 रन पर पवेलियन भेज दिया। इसके डेविड मलान को उन्होंने 31 रन पर आउट किया। जानी बेयरस्टो को सिराज ने 37 रन पर आउट किया। मोइन अली 35 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर आउट हुए। ओली पोप को 81 रन के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर ने आउट किया। वहीं क्रिस वोक्स ने 50 रन बनाए और रन आउट हुए। भारत की तरफ से उमेश यादव ने तीन, बुमराह व जडेजा ने दो-दो जबकि शार्दुल व सिराज ने एक-एक सफलता हासिल की।
भारत की पहली पारी, 191 रन पर आल-आउट हुई टीम इंडिया
भारतीय ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा काफी संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन क्रिस वोक्स की अतिरिक्त उछाल भरी गेंद को वो समझ नहीं पाए और अपना कैच 11 रन बनाकर बेयरस्टो को थमा बैठे। केएल राहुल को राबिन्सन ने 17 रन पर पगबाधा आउट किया। पुजारा ने इस टेस्ट की पहली पारी में निराश किया और वो 4 रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर बेयरस्टो के हाथों लपके गए। इस पारी में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रहाणे की जगह जडेजा आए, लेकिन 10 रन बनाकर वो भी क्रिस वोक्स की गेंद पर रूट के हाथों कैच आउट हुए।
भारतीय कप्तान विराट कोहली 50 रन बनाकर ओली राबिन्सन की गेंद पर कैच आउट हो गए। टीम के उप-कप्तान रहाणे का बल्ला फिर नहीं चला और वो 14 रन बनाकर क्रेग ओवर्टन की गेंद पर आउट हो गए। रिषभ पंत का बल्ला फिर नहीं चला और वो 7 रन पर क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हो गए। शार्दुल ठाकुर ने 36 गेंदों पर 57 रन बनाए और क्रिस वोक्स की गेंद पर आउट हुए जबकि उमेश यादव ने 10 रन बनाए। सिराज एक रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से क्रिस वोक्स ने चार, ओली राबिन्सन ने तीन जबकि एंडरसन और ओवर्टन ने एक-एक विकेट लिए।
भारत की टीम-
रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, रिषभ पंत, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मो. सिराज
इंग्लैंड की टीम-
रोरी बर्न्स, हसीब हमीद, डेविड मलान, जो रूट (कप्तान), ओली पोप, जानी बेयरस्टो, मोइन अली, क्रिस वोक्स, क्रेग ओवर्टन, ओली राबिन्सन, जेम्स एंडरसन।


Tags: