मिट्टी के बर्तन की सफाई कैसे करें
सफाई के बाद बर्तन को पूरी तरह सूखने दें।
Lifestyle लाइफ स्टाइल : मिट्टी के बर्तन में बनी बिरयानी का स्वाद और खुशबू काफी अलग और लाजवाब होती है। कई लोग खास मौकों पर या घर में देसी स्वाद पाने के लिए मिट्टी के बर्तन (हांडी) में बिरयानी बनाना पसंद करते हैं। इसमें पकने वाला खाना न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि इसकी खुशबू भी लंबे समय तक याद रहती है। लेकिन इसका एक नुकसान यह है कि खाना बनने के बाद बर्तन की सफाई करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। तेल, मसाले और जले हुए दाग बर्तन में चिपक जाते हैं और बदबू भी रह जाती है।
अगर सही तरीके से सफाई न की जाए तो मिट्टी का बर्तन खराब भी हो सकता है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप इसे फिर से साफ और इस्तेमाल के लायक बना सकते हैं।
सबसे पहले बर्तन को तुरंत ठंडे पानी से न धोएं। इसे कुछ देर के लिए सामान्य पानी में भिगोकर छोड़ दें, ताकि जमे हुए मसाले और दाग नरम हो जाएं। इसके बाद हल्के हाथ से इसे साफ करें। अगर दाग ज्यादा जिद्दी हों तो गर्म पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
नींबू और नमक का मिश्रण मिट्टी के बर्तन की सफाई में बहुत असरदार माना जाता है। नींबू में मौजूद एसिड दाग हटाने में मदद करता है, जबकि नमक स्क्रब की तरह काम करता है। इसे बर्तन पर रगड़कर साफ करने से तेल और बदबू दोनों दूर हो जाते हैं।
इसके अलावा बेकिंग सोडा भी एक अच्छा विकल्प है। बर्तन में पानी डालकर उसमें थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें। फिर हल्के हाथ से साफ करने पर दाग आसानी से निकल जाते हैं। सिरका भी बदबू हटाने में मदद करता है, जिससे बर्तन फिर से इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाता है।
ध्यान रखने वाली बात यह है कि मिट्टी के बर्तन को हमेशा हल्के डिटर्जेंट या प्राकृतिक चीजों से ही साफ करें। ज्यादा हार्ड केमिकल का इस्तेमाल करने से बर्तन की सतह खराब हो सकती है और उसकी गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है।
सफाई के बाद बर्तन को पूरी तरह सूखने दें। इसे धूप में सुखाना बेहतर होता है, जिससे नमी और बदबू दोनों खत्म हो जाते हैं। पूरी तरह सूखने के बाद ही इसे स्टोर करें।