एंटरटेनमेंट डेस्क : फिल्म ‘रामायण’ में रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता यश के बेटे यथर्व फिल्म का एक भावुक दृश्य देखकर रो पड़े। सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी ने बताया कि रावण और जटायु वाला दृश्य बच्चे को परेशान कर गया। उन्होंने अपने पिता से पक्षी को मारने पर नाराजगी जताई।
साई पल्लवी के मुताबिक, यथर्व समझते थे कि पर्दे पर उनके पिता अभिनय कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें दृश्य में पक्षी को नुकसान पहुंचाना अच्छा नहीं लगा। बच्चे की प्रतिक्रिया थी कि फिल्म के लिए भी ऐसा करना ठीक नहीं है। अभिनेत्री ने इस बातचीत को एक खूबसूरत और संवेदनशील पल बताया।
यश ने भी बताया कि फिल्म देखने के बाद उनके बच्चों के मन में कई सवाल थे। अभिनेता के अनुसार, बच्चे अभी जीवन में व्यवहार और एक-दूसरे का सम्मान करना सीख रहे हैं। ऐसे में बेटे की प्रतिक्रिया ने उन्हें हैरान किया।
एक अन्य बातचीत में यश ने अपने बेटे को समझाने का अनुभव साझा किया कि वह कहानी में रावण की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बेटे को बताया कि रामायण में भगवान राम वह आदर्श हैं, जिनसे सीख लेनी चाहिए। बेटे के सवालों ने अभिनेता के सामने अपने किरदार और कहानी के संदेश को समझाने का अवसर रखा।