एंटरटेनमेंट डेस्क: नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब इसके दूसरे पार्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सबसे ज्यादा उत्सुकता इस सवाल को लेकर है कि क्या क्रिकेट स्टार विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ‘हनुमान अंश 2’ में कैमियो करते नजर आएंगे? फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह के एक बयान ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि मेकर्स ने अभी विराट-अनुष्का की एंट्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
प्रोड्यूसर बोलीं कुछ लोगों से किया संपर्क
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान नम्रता सिंह से पूछा गया कि क्या विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे बड़े नाम फिल्म के दूसरे पार्ट में कैमियो कर सकते हैं। इस पर उन्होंने बताया कि कुछ लोगों से संपर्क किया गया है और वे पहले से फिल्म के बारे में जानते थे। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इनमें विराट और अनुष्का शामिल हैं या दोनों ने फिल्म में आने के लिए हामी भर दी है।
यही वजह है कि फिलहाल विराट-अनुष्का के कैमियो को पक्का नहीं माना जा सकता। प्रोड्यूसर के बयान को केवल इस संभावना के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
नीम करोली बाबा से विराट-अनुष्का का खास जुड़ाव
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का नीम करोली बाबा के प्रति आध्यात्मिक लगाव लंबे समय से चर्चा में रहा है। दोनों कैंची धाम भी जा चुके हैं। इसी जुड़ाव के कारण फैंस को उम्मीद है कि फिल्म की अगली कड़ी में दोनों की झलक देखने को मिल सकती है। इससे पहले फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी इच्छा जताई थी कि विराट और अनुष्का उनकी फिल्म देखें।
तीन हिस्सों में आगे बढ़ेगी कहानी
मेकर्स की योजना ‘हनुमान अंश’ को तीन फिल्मों की सीरीज के रूप में आगे बढ़ाने की है। फिल्म की सफलता के बाद इसके दो और हिस्सों की तैयारी की पुष्टि की गई है।
नम्रता सिंह के मुताबिक अगली फिल्म में कैंची धाम और भारत में नीम करोली बाबा से जुड़े भक्तों की कहानियों पर खास ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा ने भारत में हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित किया और इन भारतीय भक्तों की कहानियों को पहले स्थान दिया जाएगा।
तीसरे पार्ट में आएंगे विदेशी भक्तों के किस्से
फ्रेंचाइजी के तीसरे हिस्से को और व्यापक बनाने की योजना है। इसमें नीम करोली बाबा के आध्यात्मिक प्रभाव को दुनिया तक पहुंचाने वाली कहानियों पर फोकस किया जाएगा। मेकर्स ने इस संदर्भ में स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, जैक डोर्सी और जूलिया रॉबर्ट्स जैसे नामों का उल्लेख किया है।
फिलहाल विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की ‘हनुमान अंश 2’ में मौजूदगी केवल अटकलों तक सीमित है। लेकिन प्रोड्यूसर के यह बताने के बाद कि कुछ चर्चित लोगों से संपर्क किया गया है, फैंस की उम्मीदें जरूर बढ़ गई हैं। अब आधिकारिक घोषणा का इंतजार है कि फिल्म के दूसरे पार्ट में कौन-कौन से नए चेहरे दिखाई देंगे।
Tags: