मुंबई: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की बॉक्स ऑफिस कमाई में रिलीज के बाद से लगातार कमी देखने को मिल रही है। फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपए की ओपनिंग की थी, लेकिन इसके बाद हर दिन कलेक्शन नीचे आया। चौथे दिन फिल्म ने करीब 24.50 करोड़ रुपए का इंडिया नेट कलेक्शन किया।
चार दिनों में 190.45 करोड़ रुपए कमाए
फिल्म की कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपए कमाए थे। दूसरे दिन इसका कलेक्शन घटकर 37.65 करोड़ रुपए रह गया। तीसरे दिन फिल्म ने 27.20 करोड़ रुपए की कमाई की, जबकि चौथे दिन यह आंकड़ा करीब 24.50 करोड़ रुपए रहा। इस तरह चार दिनों में फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन लगभग 190.45 करोड़ रुपए हो गया है। चौथे दिन की कमाई की तुलना अगर पहले दिन के कलेक्शन से की जाए तो इसमें करीब 75.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है।
हिंदी के साथ साउथ मार्केट में भी गिरावट
फिल्म के कलेक्शन में गिरावट केवल हिंदी मार्केट तक सीमित नहीं रही। साउथ की भाषाओं में भी कमाई पहले दिन की तुलना में काफी नीचे आई है। कन्नड़ भाषा में फिल्म ने पहले दिन 23.30 करोड़ रुपए कमाए थे। दूसरे दिन यह आंकड़ा 8.50 करोड़ रुपए हो गया, जबकि तीसरे दिन कलेक्शन 5 करोड़ रुपए रहा। चौथे दिन कन्नड़ में फिल्म ने 6.60 करोड़ रुपए कमाए।
तेलुगु में पहले दिन फिल्म का कलेक्शन 16 करोड़ रुपए था। दूसरे दिन यह घटकर 3 करोड़ रुपए रह गया। तीसरे और चौथे दिन तेलुगु में फिल्म ने 1.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया।
तमिल भाषा में ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 5.50 करोड़ रुपए कमाए थे। चौथे दिन यह कमाई सिर्फ 75 लाख रुपए रह गई। मलयालम में भी पहले दिन 1.30 करोड़ रुपए के मुकाबले चौथे दिन फिल्म की कमाई 15 लाख रुपए रही।
हिंदी में भी कलेक्शन लगातार कम हुआ
हिंदी मार्केट में ‘टॉक्सिक’ की शुरुआत मजबूत रही थी। फिल्म ने पहले दिन हिंदी में 55 करोड़ रुपए कमाए। हालांकि दूसरे दिन यह कमाई घटकर 24.25 करोड़ रुपए रह गई। तीसरे दिन हिंदी में फिल्म ने 19.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया, जबकि चौथे दिन यह आंकड़ा और नीचे आकर 15.50 करोड़ रुपए रह गया। यानी रिलीज के बाद हिंदी मार्केट में भी फिल्म की कमाई लगातार घटती गई।
फिल्म की कमाई में गिरावट को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। खबर के मुताबिक, कई दर्शकों ने इसकी कहानी को कमजोर बताया है। फिल्म की लंबाई भी चर्चा में रही। ‘टॉक्सिक’ करीब 3 घंटे 14 मिनट लंबी है और कुछ दर्शकों को इसके कुछ हिस्से धीमे लगे।
KRK ने किया नुकसान का दावा
फिल्म की कमाई के बीच फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान यानी KRK ने ‘टॉक्सिक’ के कारोबार को लेकर दावा किया है। उनका कहना है कि फिल्म के OTT राइट्स रिलीज से पहले नहीं बिके थे और अब कोई OTT प्लेटफॉर्म इनके लिए 25 करोड़ रुपए से ज्यादा देने को तैयार नहीं होगा। KRK ने यह भी दावा किया कि फिल्म से कुल रिकवरी करीब 150 करोड़ रुपए ही हो सकती है और प्रोड्यूसर्स को 500 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि दैनिक भास्कर ने नहीं की है।
KRK ने यह भी दावा किया है कि उनके फिल्म रिव्यू की वजह से ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स ने उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। चार दिनों के कलेक्शन के बाद अब फिल्म की कमाई में लगातार जारी गिरावट चर्चा का विषय बनी हुई है।