मनोरंजन: टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में ‘बाघा’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता तन्मय वेकारिया के घर से दुखद खबर सामने आई है। उनके पिता और गुजराती सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अरविंद वेकारिया का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परिवार के लिए यह समय बेहद कठिन है, क्योंकि लगभग 8 महीने पहले अक्टूबर 2025 में तन्मय ने अपनी मां को भी खो दिया था।
अरविंद वेकारिया गुजराती थिएटर और फिल्मों के प्रसिद्ध कलाकार थे। उन्होंने लंबे समय तक मंच और सिनेमा में सक्रिय रहते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उन्होंने ‘यशोदा’, ‘छानू चमक्लो’ और ‘रुपियो नच नचावे’ जैसी कई गुजराती फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। इसके अलावा उन्होंने टीवी के लोकप्रिय शो ‘शक्तिमान’ में भी अभिनय किया था।
एक दिलचस्प बात यह भी है कि अरविंद वेकारिया खुद भी ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में एक छोटे किरदार में नजर आ चुके थे। उन्होंने एक एपिसोड में सुनार की भूमिका निभाई थी, जहां आत्माराम भिड़े अपनी पत्नी के गहने गिरवी रखने जाते हैं।
पिता के निधन से कुछ समय पहले ही तन्मय वेकारिया शूटिंग के दौरान भावुक हो गए थे। एक इमोशनल सीन करते हुए उन्हें अपनी मां की याद आ गई थी, जिसके चलते शूटिंग कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी थी। सेट पर मौजूद कलाकारों और प्रोड्यूसर ने उन्हें संभाला था। तन्मय ने पहले बताया था कि उनकी मां उनके काम को बहुत पसंद करती थीं और उनके प्रदर्शन पर गर्व महसूस करती थीं।
लगातार दो बड़े नुकसान ने तन्मय वेकारिया और उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।