ग्लोबल रिलीज से एक दिन पहले थॉर : लव एंड थंडर फिल्म को भारत में रिलीज किया गया। यह मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की 29वीं और थॉर फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है। साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म थॉर : रैग्नोरॉक की सीक्वल थॉर : लव एंड थंडर की कहानी शुरू होती है एक ऐसे सुखाग्रस्त इलाके से जहां गोर (क्रिश्चियन बेल) अपनी बेटी के लिए पानी की तलाश कर रहा है। वह देवताओं से अपनी बच्ची की जान बचाने की दुआ मांगता है, लेकिन उसकी बच्ची नहीं बचती है। वह देवताओं से बदला लेना चाहता है और देव यानी देवाताओं का हत्यारा बन जाता है। उसका अगला निशाना तूफानों का देवता थॉर (क्रिस हेम्सवर्थ) है।

गोर थॉर के शहर ऐसगार्ड पर हमला करके वहां के बच्चों को अगवाकर लेता है



गोर थॉर के शहर ऐसगार्ड पर हमला करके वहां के बच्चों को अगवाकर लेता है। थॉर गार्डियन्स ऑफ गैलेक्सी के साथ मिलकर दुनिया की रक्षा करने का काम कर रहा है। उसकी दोस्त सिफ (जैमी अलेक्जेंडर) उसे इस खतरे का संकेत देती है। थॉर बच्चों को बचाना चाहता है। इसमें उसका साथ देती है उसकी आठ साल पुरानी गर्लफ्रेंड डॉ. जेन फोस्टर (नैटली पोर्टमैन)। जेन को कैंसर है, उस पर इलाज का असर नहीं हो रहा है। थॉर का पुराना हथौड़ा, जो टूट चुका था, वह जेन को अपनी ओर आकर्षित करता है।


क्या थॉर और उसकी टीम बच्चों को बचा पाएगी
जेन उस हथौड़े की शक्ति से माइटी थॉर बन जाती है। उसमें भी थॉर की शक्तियां आ जाती हैं। बच्चों को बचाने के मिशन पर थॉर, जेन के साथ वैलकेरी (टेसा थॉम्पसन) और कॉर्ग (टाइका वाइटीटी) निकलते हैं। क्या थॉर और उसकी टीम बच्चों को बचा पाएगी, क्या ब्रह्मांड के बीचोबीच स्थित एटरनिटी तक सबसे पहले पहुंचकर गोर अपनी मनचाही इच्छा को पूरी कर लेगा, कहानी इस पर आगे बढ़ती है। फिल्म का निर्देशन करने के साथ ही टाइका ने फिल्म का सहलेखन भी किया है।


मार्वल की फिल्मों से भव्य विजुअल इफेक्ट्स, जबरदस्त एक्शन की उम्मीद की जाती है
मार्वल की फिल्मों से भव्य विजुअल इफेक्ट्स, जबरदस्त एक्शन की उम्मीद की जाती है। उन सभी मानदंडों पर फिल्म खरी उतरती है, लेकिन फिल्म कहानी के मामले में कमजोर पड़ जाती है। हर सुपरहीरो फिल्म की तरह सुपरहीरो का काम दुनिया को बचाने का होता है, बुराई को नष्ट करने का होता है। वही इस फिल्म में भी है, लेकिन कहानी को लेकर गंभीरता की कमी झलकती है। नए किरदारों को जोड़ा जरूर गया है, लेकिन उनका इस्तेमाल नहीं किया गया है। यही कमजोर कड़ियां थॉर को पावरफुल दिखाने में रोड़ा बनती हैं। अभिनेत्री नैटली को अच्छा स्पेस दिया मिला है, लेकिन आठ साल बाद अपने पुराने प्रेमी से मिलने पर जो रोमांच युगल के बीच होना चाहिए, वह नहीं नजर आता है।


थॉर का बच्चों को अपनी शक्तियां देने वाला दृश्य पर्दे पर करिश्माई लगता है
थॉर का बच्चों को अपनी शक्तियां देने वाला दृश्य पर्दे पर करिश्माई लगता है। थॉर फिर आएगा, इसका जिक्र एंड क्रेडिट्स के बाद किया गया है। थॉर के किरदार में क्रिस रचे बसे हैं। वह कई दृश्यों में दमदार दिखते हैं। नैटली का इस फ्रेंचाइजी में लौटने का फैसला फायदेमंद साबित हुआ है। उन्हें माइटी थॉर के रूप में देखना इस फ्रेंचाइज को नया एंगल देता है। तालियां बटोरी हैं गोर के किरदार में क्रिश्चियन बेल ने, जो पूरी फिल्म का रुख अपनी ओर मोड़ लेते हैं। ऐसगार्ड शहर में बच्चों को लड़ने की ट्रेनिंग को देखकर लगता है कि कुछ नए सुपरहीरो आगे मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा बनेंगे।


फिल्म – थॉर : लव एंड थंडर

मुख्य कलाकार – क्रिस हेम्सवर्थ, क्रिश्चियन बेल, नैटली पोर्टमैन, टेसा थॉम्पसन, जैमी अलेक्जेंडर

निर्देशक – टाइका वाइटीटी

अवधि – एक घंटा 59 मिनट

रेटिंग – ढाई

Tags: