गन पॉइंट पर हुई लूटपाट की घटना से सहमी ये बॉलीवुड एक्ट्रेस... भविष्य में दिल्ली ना आने का किया फ़ैसला

दिल्ली के शास्त्री नगर इलाक़े में गन पॉइंट पर हुई लूटपाट की घटना से सहमी बॉलीवुड एक्ट्रेस निकिता रावल ने भविष्य में किसी कार्यक्रम के लिए दिल्ली ना आने का फ़ैसला किया है।

Update: 2021-09-15 18:19 GMT

जनता से रिश्ता  वेबडेस्क |   दिल्ली के शास्त्री नगर इलाक़े में गन पॉइंट पर हुई लूटपाट की घटना से सहमी बॉलीवुड एक्ट्रेस निकिता रावल ने भविष्य में किसी कार्यक्रम के लिए दिल्ली ना आने का फ़ैसला किया है। घटना के बाद मुंबई लौट गयीं निकिता अब अपनी मां, भाई और वकील के साथ पुलिस रिपोर्ट दर्ज़ करवाने दिल्ली आएंगी।

निकिता ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि एक सगाई समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर वो दिल्ली आयी थीं। उनकी छोटी बहन साथ में थीं। रात को 10 बजे पार्टी के बाद दोनों शास्त्री नगर स्थित अपनी आंटी के घर लौट रही थीं कि कुछ नकाबपोशों ने उनकी कार रोक ली। उनके हाथ में गन और चाकू थे। उन्होंने दोनों बहनों के साथ भद्दी भाषा में बात की और धमकाते हुए कहा कि जो भी पास में है, उन्हें दे दें।
निकिता कहती हैं कि उनका दिमाग सुन्न हो गया। बार-बार निर्भया वाली घटना याद आने लगी। उनके ज़हन में यही चल रहा था कि ये लोग उन्हें कहां ले जाएंगे और क्या करेंगे। जब बदमाश चले गये तो दोनों बहनें अपनी आंटी के घर पहुंचीं। निकिला बताती हैं कि उन्होंने घर पहुंचकर ख़ुद को अलमारी में बंद कर लिया। उनके ज़हन में डर बैठ गया कि वो पीछा तो नहीं कर रहे।
कुछ सामान्य होने के बाद निकिता ने अपनी मां, भाई और वकील को सूचना दी और अगली सुबह ही मुंबई लौट गयीं। निकिता ने बताया कि शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज़ करवाने के लिए उन्हें दिल्ली आना होगा। निकिता ने कहा कि उनके लिए अपनी सुरक्षा ज़रूरी थी, इसलिए पहले रिपोर्ट दर्ज़ नहीं करवा सकीं।
इस घटना के बाद दहशत में आयीं निकिता ने कहा- मुझे (मुंबई) लौटना पड़ा, क्योंकि पीड़ित को ख़ुद शिकायत दर्ज़ करवानी होती है, लेकिन अब मैं वापस जाऊंगी, क्योंकि इस बार मेरे साथ मां, भाई और वकील होंगे। इसलिए मैं ख़ुद को सुरक्षित महसूस करूंगी। अब मैं दिल्ली का कोई कार्यक्रम स्वीकार नहीं करूंगी। मैं गहरे सदमे में हूं।
निकिता ने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा कि हम लोग मुंबई में सेफ हैं। हम यहां आज़ादी से घूम सकते हैं, मगर वहां तो हम अपनी कार में थे। फिर भी उनकी हिम्मत देखिए हमें रोक लिया। निकिता का दावा है कि बदमाशों ने उनसे डायमंड रिंग, रोलेक्स की घड़ी, सोने की चेन और नगदी लूटी है, जिसकी क़ीमत 6-7 लाख रुपये के बीच होगी।बता दें, निकिता ने मिस्टर हॉट मिस्टर कूल से 2017 में बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उन्होंने द हीरो- अभिमन्यु और ब्लैक एंड व्हाइट जैसी फ़िल्मों में काम किया है। (With ANI Inputs)



Similar News