बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद कोरोना काल में जरुरतमंदों की मदद को लेकर सुर्खियों में हैं। अब उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि फैन्स के साथ शेयर की है। दरअसल, सोनू के होमटाउन मोगा (पंजाब) में उनकी स्वर्गीय मां के नाम पर रोड का नाम रखा गया है। इस वजह से सोनू सूद काफी खुश हैं। सोनू सूद ने ट्विटर अकाउंट पर सड़क के नामकरण की कुछ फोटोज शेयर की हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''यह है और यह होगा। मेरी अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि। मोगा में मेरी मां के नाम पर एक सड़क प्रो. सरोज सूद रोड। मेरी सफलता का सही मार्ग। मैं आपको बहुत मिस करता हूं मां।''

मां के नाम पर सड़क का नामकरण होने पर सोनू सूद काफी इमोशनल हो गए। उन्होंने इंस्टग्राम पर लिखा, ''एक दृश्य जिसे मैंने पूरी लाइफ अपने सपने में देखा। आज मेरे होम टाउन मोगा में मेरी मां के नाम पर सड़क का नाम प्रो. सरोज सूद रखा गया। ये वही सड़क है जिससे उन्होंने अपनी पूरी लाइफ घर से कॉलेज और फिर कॉलेज से घर की यात्रा की। यह मेरी लाइफ का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। मुझे यकीन है कि मां और पिता स्वर्ग में मुस्कुरा रहे होंगे। काश, वह इसे देखने के लिए यहां पर होते।''

कुछ दिनों पहले एक इंटरव्यू में सोनू सूद ने बताया था कि उनके नेक काम की वजह से उन्हें फिल्मों में मिलने वाले रोल काफी बदल गए हैं। उन्होंने कहा, ''मुझे जिस तरह के रोल ऑफर किए जा रहे हैं वे अलग हैं। रियल लाइफ हीरो के रोल्स हैं। मैंने अपने जीवन में जो चीजें की हैं वे उसे स्क्रिप्ट में रखने की कोशिश कर रहे हैं जो कि अलग है। अब मुझे यह सुनिश्चित करना है कि मैं उम्मीदों पर खरा उतरूं और जो भी करूं उसके साथ न्याय कर पाऊं।''



Tags: