1984 में आई जैकी श्रॉफ-अनिल कपूर की फिल्म 'अंदर-बाहर' ने पूरे किए 42 साल
मुंबई: साल 1984 में रिलीज हुई एक्शन-ड्रामा फिल्म में 'अंदर-बाहर' जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर की ऑन-स्क्रीन जोड़ी की शुरुआत हुई थी, जो आगे चलकर 80 के दशक में बहुत लोकप्रिय हुई थी। सोमवार को फिल्म ने अपनी रिलीज के 42 साल पूरे कर लिए हैं।
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के 42 साल पूरे होने का जश्न मनाया। उन्होंने स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म के कुछ क्लिप शेयर किए, जिसके साथ उन्होंने लिखा, "फिल्म अंदर-बाहर ने रिलीज के 42 साल पूरे कर लिए हैं।"
राज एन. सिप्पी के निर्देशन में बनी फिल्म में जैकी श्रॉफ (पुलिस इंस्पेक्टर रवि खन्ना), अनिल कपूर (राजा), डैनी डेंजोंगपा (शेरा) और मून मून सेन मुख्य भूमिका में नजर आए थे। जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर की 1984 में आई एक्शन फिल्म अंदर बाहर अमेरिकी फिल्म '48 आवर्स' की रीमेक है।
फिल्म में अनिल कपूर ने एक पुलिस अधिकारी (रवि) का किरदार निभाया है, जो एक खतरनाक सरगना (शेरा, जिसे डैनी डेंजोंगपा ने निभाया) को पकड़ना चाहता है। शेरा तक पहुंचने के लिए रवि एक कैदी (जैकी श्रॉफ) की मदद लेता है जो कभी शेरा का दाहिना हाथ हुआ करता था।
पुलिस अधिकारी अपने वरिष्ठों से अनुमति लेकर उस कैदी को सात दिनों के लिए अपने साथ जेल से बाहर लाता है ताकि वे मिलकर मुख्य अपराधी (शेरा) के गैंग का पर्दाफाश कर सकें। इसके बाद दोनों मिलकर अपराधियों का सामना करते हैं, जिसमें एक्शन, ड्रामा और दोनों अभिनेताओं के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिलता है।
फिल्म रिलीज से पहले दोनों अभिनेताओं के बीच क्रेडिट को लेकर विवाद हुआ था, जिससे फिल्म लगभग 8 महीने तक देरी से रिलीज हुई थी। साथ ही, यह फिल्म सिनेमाघरों में बीआर चोपड़ा की सफल फिल्म 'आज की आवाज' के साथ क्लैश हुई थी, जिसके कारण इसे बॉक्स ऑफिस पर औसत सफलता ही मिल पाई थी। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर ने पहली बार स्क्रीन साझा की थी, जो आगे चलकर 80 और 90 के दशक की एक मशहूर जोड़ी बने।