मुंबई: सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म के सुपर शो में उन्होंने अपनी पुरानी जिंदगी से जुड़ी कुछ बातें शेयर कीं। साथ ही उनसे फिल्म में तमन्ना भाटिया के ना होने पर सवाल किया गया।
रजनीकांत का तमन्ना के फिल्म में ना होने पर कहना था कि वह चाहते थे कि उनका फिल्म के इस पार्ट में भी एक गाना हो, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। उन्होंने इस बारे में फिल्म के निर्देशक के साथ हुई बातचीत पर भी बात की।
इवेंट में रजनीकांत ने बताया कि उन्होंने ‘जेलर 2’ के डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार से तमन्ना भाटिया के लिए एक गाना रखने की बात कही थी। फिल्म ‘जेलर’ में तमन्ना के गाने ‘कावाला’ को लोगों ने खूब पसंद किया था। यही वजह थी कि रजनीकांत चाहते थे कि ‘जेलर 2’ में भी तमन्ना का एक गाना जरूर हो।
जेलर 2 में क्यों नहीं हैं तमन्ना भाटिया
रजनीकांत ने कहा, “जेलर 2 में बस तमन्ना की कमी है। मैंने नेल्सन से कहा था कि तमन्ना के लिए एक गाना रख लें।” इस पर नेल्सन ने जवाब दिया, “सिर्फ इसलिए गाना नहीं रख सकता क्योंकि आपको पसंद है, सर।”
नेल्सन की बात पर रजनीकांत ने भी मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा, “मैंने यह नहीं कहा कि मुझे पसंद है। अगर मैं हमेशा अपनी मर्जी करता, तो आज मेरा करियर खत्म हो गया होता और मैं बेंगलुरु वापस चला गया होता। मैं आज भी फिल्मों में काम कर रहा हूं, क्योंकि मैं वही करता हूं जो दर्शकों को पसंद आता है।”
बस कंडक्टर की नौकरी करते थे रजनीकांत
अपनी लाइफ के पुराने पलों को याद करते हुए रजनीकांत ने बताया कि आज इतने बड़े स्टार बनने के बाद भी उन्हें बस कंडक्टर की नौकरी की याद आती है। उनके लिए यह नौकरी सिर्फ पुरानी याद नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी का एक अहम हिस्सा है।
रजनीकांत ने कहा, “मुझे एक्टिंग करना पसंद है, लेकिन बस कंडक्टर का काम करने में भी मेरी बहुत दिलचस्पी है। मैंने पांच साल तक बस कंडक्टर की नौकरी की थी और आज भी मुझे उस काम की याद आती है। मेरे दिल में आज भी उस नौकरी के लिए खास जगह है। सच कहूं तो मैंने कभी खुद को बहुत बड़ा सुपरस्टार नहीं माना।”