डेंगू के चपेट में आईं स्वरा भास्कर
टीवी एक्ट्रेस भी डेंगू की चपेट में आ गई.
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें डेंगू होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. स्वरा ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इस बात की जानकारी अपने फैंस और वेल-विशर्स के साथ शेयर की है. अचानक आई इस खबर से उनके चाहने वाले काफी परेशान हैं और सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं. वहीं टीवी एक्ट्रेस अविका गौर भी डेंगू की चपेट में आ गई.
बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिससे साफ पता चलता है कि बीमारी ने उन्हें अचानक अपनी चपेट में ले लिया. स्वरा भास्कर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अस्पताल के बेड से एक फोटो पोस्ट करते हुए बेहद हैरान करने वाला मैसेज लिखा. उन्होंने लिखा, 'सब कुछ कितनी तेजी से हो गया! डेंगू हो गया और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा!' स्वरा के इस छोटे से मैसेज से फैंस को उनकी गंभीर हालत का अंदाजा तो लग गया, लेकिन उन्होंने बीमारी के लक्षणों या वे कितने दिनों से अस्पताल में एडमिट हैं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
स्वरा भास्कर से ठीक पहले 'बालिका वधू' फेम टीवी एक्ट्रेस अविका गोर के भी डेंगू पॉजिटिव होने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई थी. अविका के पति मिलिंद चंदवानी ने हाल ही में उनकी सेहत का हाल बताया था. मिलिंद ने खुलासा किया कि बीमारी का सही पता चलने से पहले अविका को लगातार पांच दिनों तक बहुत तेज बुखार आ रहा था, जिसके बाद जांच में डेंगू की पुष्टि हुई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
मिलिंद ने यह भी बताया कि शरीर साथ नहीं दे रहा था, फिर भी अविका लगातार काम में जुटी रहीं. तेज बुखार के बावजूद उन्होंने अपने एक प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी की और फिर काम के सिलसिले में दिल्ली भी गईं. मुंबई लौटने पर जब उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो टेस्ट करवाया गया, जिसमें डेंगू निकला. मिलिंद ने उन्हें काम से ब्रेक लेने की सलाह दी थी, लेकिन अविका नहीं चाहती थीं कि उनके ब्रेक लेने से मेकर्स को कोई नुकसान उठाना पड़े. बाद में अविका ने भी अस्पताल से अपनी फोटो शेयर की थी.
स्वरा भास्कर और अविका गोर का एक साथ अस्पताल में भर्ती होना यह इशारा करता है कि बदलते मौसम में तेज बुखार को हल्के में लेना कितना भारी पड़ सकता है. दोनों ही एक्ट्रेस ने अपनी रिकवरी या अस्पताल से छुट्टी मिलने को लेकर फिलहाल कोई नया अपडेट शेयर नहीं किया है. वर्कफ्रंट की बात करें तो स्वरा आखिरी बार टीवी शो 'पति पत्नी और पंगा' में अपने पति फहाद अहमद के साथ दिखी थीं.